Homeउत्तर प्रदेशऔरैया में ई-रिक्शा में महिलाओं के जेवर उड़ाने वाली दो महिला टप्पेबाज...

औरैया में ई-रिक्शा में महिलाओं के जेवर उड़ाने वाली दो महिला टप्पेबाज गिरफ्तार, चार चोरी की वारदातों का खुलासा

औरैया। ई-रिक्शा और ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर उनके सोने के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का औरैया पुलिस ने खुलासा किया है। बिधूना पुलिस ने दो अंतरराज्यीय महिला टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत के सोने के आभूषण, दो कीपैड मोबाइल फोन और दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों में पांच सोने की चेन, एक बड़ा मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, दो मंगलसूत्र पेंडल, एक जोड़ी झुमके और एक मांग टीका शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी से बिधूना और दिबियापुर थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की चार घटनाओं का खुलासा हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक औरैया अभिषेक भारती के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक औरैया तथा क्षेत्राधिकारी बिधूना के पर्यवेक्षण में बिधूना पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

29 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुबह करीब 10:10 बजे गपचरियापुर नहर पुल के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान अंजली और चांदनी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण और नकदी बरामद हुई।

ई-रिक्शा में सफर करने वाली महिलाओं को बनाती थीं निशाना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाएं सार्वजनिक परिवहन से सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाती थीं। दोनों बस और टेंपो स्टैंड के आसपास ऐसी महिलाओं पर नजर रखती थीं, जिन्होंने सोने के आभूषण पहन रखे होते थे। इसके बाद वे उनके साथ ई-रिक्शा या ऑटो में बैठ जाती थीं। यात्रा के दौरान मौका देखकर महिलाओं के बैग से या उनके गले से सोने की चेन और अन्य आभूषण चोरी कर लेती थीं। चोरी किए गए जेवर बेचने के बाद मिलने वाली रकम आपस में बांट लेती थीं।

चार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने किया खुलासा

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह से जुड़ी पहली घटना 16 सितंबर की है। बेला बस्ती निवासी कंचन शुक्ला ने बिधूना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बिधूना से रुरुगंज जा रही थीं। इस दौरान ई-रिक्शा में उनके साथ बैठी दो अज्ञात महिलाओं ने उनके बैग से आभूषण चोरी कर लिए थे।

दूसरी घटना 28 अक्टूबर की है। अनंतापुर निवासी उर्मिला देवी ने शिकायत दी थी कि भगत सिंह चौराहे से ऑटो में सफर करने के दौरान उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली गई। इस मामले में भी बिधूना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसके अलावा पुलिस ने पूछताछ और बरामदगी के आधार पर दिबियापुर थाने में दर्ज चोरी के दो अन्य मामलों का भी खुलासा किया है। इनमें 23 अक्टूबर को इटावा निवासी तृप्ति पोरवाल के साथ दिबियापुर से फफूंद चौराहे जाते समय आभूषण चोरी होने की घटना शामिल है। वहीं, 27 अगस्त को गुलरिया गांव निवासी प्रिया के साथ बेला से दिबियापुर जाते समय जेवर चोरी किए गए थे।

चोरी की चेन बेचकर मिले 25 हजार रुपये में से बचे थे दो हजार

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चांदनी ने बरामद दो हजार रुपये के संबंध में बताया कि यह रकम 18 अक्टूबर को चोरी की गई एक सोने की चेन के बदले मिले 25 हजार रुपये में से बची हुई है। दोनों महिलाओं ने चोरी के आभूषण बेचकर रकम आपस में बांटने की बात बताई है।

फर्रुखाबाद और राजस्थान से जुड़ा है आरोपियों का पता

पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं की पहचान अंजली पत्नी गौरव (करीब 35 वर्ष), निवासी सकावाई बनपोई, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद फर्रुखाबाद, वर्तमान निवासी भरथना चौराहा, इटावा और चांदनी पत्नी कुंवर सिंह (करीब 30 वर्ष), निवासी डीग, राजस्थान, वर्तमान निवासी सकावाई बनपोई, थाना मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद और भरथना चौराहा, इटावा के रूप में की है।

पुलिस ने बरामद किए सोने के आभूषण

दोनों महिलाओं के पास से बरामद सामान में पांच सोने की चेन शामिल हैं, जिनका कुल वजन करीब 49.335 ग्राम है। इसके अलावा एक बड़ा मंगलसूत्र (34.180 ग्राम), चार सोने की अंगूठियां (11.037 ग्राम), दो मंगलसूत्र पेंडल (5.119 ग्राम), एक जोड़ी झुमके (8.206 ग्राम) और एक मांग टीका (करीब 2.40 ग्राम) बरामद हुआ है। पुलिस ने दो कीपैड मोबाइल फोन और दो हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपित महिलाओं के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, अंजली के खिलाफ फर्रुखाबाद में पूर्व के मामले दर्ज हैं, जबकि चांदनी के खिलाफ बरेली जनपद में अनैतिक देह व्यापार अधिनियम से संबंधित एक मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख है।

दोनों आरोपितों के खिलाफ बिधूना और दिबियापुर थानों में दर्ज चोरी के चार मुकदमों के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी

इस कार्रवाई में बिधूना थाना प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गोपाल कृष्ण, उपनिरीक्षक मान सिंह, हेड कांस्टेबल हरिहर सिंह, महिला हेड कांस्टेबल सारिका गुप्ता, थाना बेला के अनिल कुमार, महिला कांस्टेबल खुशबू और महिला कांस्टेबल लतेश शामिल रहे।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular