लखनऊ में शुक्रवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) दूसरे दिन आयोजित की जा रही है। राजधानी में परीक्षा के लिए 45 केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
पहली पाली के अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को तीन चरणों की जांच से गुजरने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। जांच के दौरान महिला अभ्यर्थियों के जूते-चप्पल उतरवाए गए। इसके अलावा नथ और बालियां भी उतरवाकर केंद्र के बाहर रखवाई गईं। अभ्यर्थियों को केवल आधार कार्ड और एडमिट कार्ड ही अंदर ले जाने की अनुमति दी गई।
गेट बंद होने के समय पहुंचा अभ्यर्थी
आशियाना स्थित महाराजा बिजली पासी डिग्री कॉलेज में पहली पाली के लिए सुबह 9:30 बजे गेट बंद कर दिए गए। इसी दौरान एक अभ्यर्थी दौड़कर केंद्र पर पहुंचा। उसे प्रवेश देकर एडमिट कार्ड और जरूरी जांच की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
वहीं, एक महिला अभ्यर्थी को बालियां पहने होने के कारण पहले वापस लौटना पड़ा। वह बाहर मौजूद अपने परिचित को बालियां सौंपकर दोबारा केंद्र पर पहुंचीं। इसके बाद उन्हें प्रवेश मिल सका।
रोल नंबर देखकर कक्ष में पहुंचे अभ्यर्थी
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के बाद अभ्यर्थियों ने अपने रोल नंबर के आधार पर कक्ष संख्या की जानकारी ली। इसके बाद निर्धारित कक्षों में जाकर परीक्षा दी। केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों और उनके साथ आए लोगों की भीड़ दिखाई दी।
अमित शाह के दौरे को लेकर भी सुरक्षा सख्त
शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी लखनऊ दौरा प्रस्तावित है। परीक्षा केंद्रों के नजदीक ही उनके कार्यक्रम स्थल को देखते हुए संबंधित मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सड़कों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है और परीक्षा केंद्रों पर भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
PET परीक्षा और गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जा रहा है।
