रिपोर्ट: : प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के लोगों को जल्द ही मनोरंजन का नया ठिकाना मिलने जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) वसंतकुंज योजना में आधुनिक एम्यूजमेंट पार्क विकसित करने की तैयारी कर रहा है।
करीब 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनने वाले इस पार्क में बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों तक के लिए मनोरंजन की विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना के निर्माण और संचालन की जिम्मेदारी आनंदी ग्रुप को सौंपी गई है।
तीन जोन में विकसित होगा एम्यूजमेंट पार्क
एलडीए की योजना के मुताबिक, एम्यूजमेंट पार्क को अलग-अलग मनोरंजन गतिविधियों के हिसाब से विकसित किया जाएगा।
यहां बच्चों और युवाओं के लिए आधुनिक झूले, रोमांचक राइड्स और रोलर कोस्टर लगाए जाएंगे। इसके अलावा फन एक्टिविटी एरिया भी तैयार किया जाएगा, जहां लोग परिवार और दोस्तों के साथ समय बिता सकेंगे।
गर्मियों को ध्यान में रखते हुए पार्क में वॉटर एक्टिविटीज और स्प्लैश जोन बनाने की भी योजना है। इससे लोगों को एक ही परिसर में रोमांच के साथ पानी से जुड़ी मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लेने का मौका मिलेगा।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश के मुताबिक, इस परियोजना का उद्देश्य लखनऊ में पर्यटन और मनोरंजन की सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
पार्क बनने से वसंतकुंज योजना के निवासियों के साथ ही लखनऊ और आसपास के जिलों के लोगों को भी फायदा होगा। परिवारों के लिए यह वीकेंड बिताने का नया विकल्प बन सकता है।
परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और लेआउट तैयार करने का काम आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
दिवाली पर लॉन्च हो सकती है सौमित्र विहार योजना
वहीं, आवास विकास परिषद की सौमित्र विहार योजना को भी रेरा से मंजूरी मिल गई है। इसके बाद योजना लॉन्च करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। संभावना है कि दिवाली पर मुख्यमंत्री पहले चरण में 436 आवासीय भूखंडों की योजना लॉन्च कर सकते हैं।
इस योजना में 40 से 300 वर्गमीटर तक के प्लॉट उपलब्ध होंगे। मोहनलालगंज में न्यू जेल रोड पर करीब 560 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाली इस योजना में पार्क, ग्रीन बेल्ट और एसटीपी जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। भूखंडों की प्रस्तावित कीमत 27 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर रखी गई है।
