लखनऊ। मड़ियांव स्थित हाईवे हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पैर में दर्द की शिकायत पर डॉक्टर ने महिला को इंजेक्शन लगाया था। इसके कुछ देर बाद ही उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
जानकारी के मुताबिक, सीतापुर के मुंशीगंज निवासी ऊषा शर्मा पैर में चोट लगने के बाद 26 अक्टूबर को हाईवे हॉस्पिटल में भर्ती हुई थीं। 28 अक्टूबर को उनके पैर का ऑपरेशन किया गया था। परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद उनकी हालत में सुधार था और रविवार सुबह तक वह सामान्य थीं। परिवार के लोगों से हंसकर बातचीत भी कर रही थीं।
इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद बिगड़ी हालत
मृतका के बेटे मोहित शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह उनकी मां के पैर में हल्का दर्द हुआ था। इस पर उन्होंने डॉक्टर को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि डॉक्टर ने दर्द की शिकायत पर उन्हें इंजेक्शन लगाया। इसके कुछ देर बाद ही उनकी अचानक मौत हो गई।
मोहित के मुताबिक, 1 नवंबर को उनकी मां को अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी। परिवार उन्हें घर ले जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान अस्पताल से फोन आया कि उनकी मां की मौत हो गई है। उन्होंने डॉक्टरों पर करीब दो घंटे तक शव नहीं सौंपने का भी आरोप लगाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों के हंगामे की सूचना पर मड़ियांव थाना प्रभारी आलोक राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
