Homeउत्तर प्रदेशदीपोत्सव से कुम्हारों को मिल रहा काम : CM योगी

दीपोत्सव से कुम्हारों को मिल रहा काम : CM योगी

रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अयोध्या पहुंचने से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दीपोत्सव की महत्ता साझा की। उन्होंने कहा कि अयोध्या का भव्य दीपोत्सव केवल लाखों दीप जलाकर रामनगरी को रोशन करने का आयोजन नहीं है, बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने का माध्यम भी बन रहा है। इस आयोजन से कुम्हारों, किसानों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों की आजीविका को नई गति मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि दीपोत्सव में प्रज्ज्वलित होने वाला हर दीप किसी कुम्हार के श्रम, किसी किसान की उपज और किसी परिवार की आजीविका को नया प्रकाश दे रहा है। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव आस्था के साथ-साथ स्थानीय लोगों की मेहनत और उनके आर्थिक सशक्तीकरण से भी जुड़ा है।

2017 से पहले स्थानीय कारोबारियों को नहीं मिला था अवसर

योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय रामनगरी की अपार सांस्कृतिक संभावनाओं को स्थानीय कारीगरों, किसानों और छोटे व्यापारियों की समृद्धि से जोड़ने के लिए कोई पहल नहीं की गई थी। आस्था के सामर्थ्य को आजीविका के नए अवसरों में बदलने की सोच का भी अभाव था।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, डबल इंजन सरकार ने इस दिशा में काम करते हुए दीपोत्सव को स्थानीय रोजगार और कारोबार से जोड़ने का प्रयास किया है।

लाखों दीपों से रोशन हो रही रामनगरी, बढ़ रहे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित दीपोत्सव अब कुम्हारों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के लिए काम और कारोबार के नए अवसर पैदा कर रहा है। लाखों दीपों की रोशनी के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।

उन्होंने दीपोत्सव को धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय अर्थव्यवस्था के आपसी जुड़ाव का उदाहरण बताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular