रिपोर्ट: अमित शर्मा
आगरा। साइबर ठगों ने बिजली मीटर अपडेट कराने के नाम पर एक महिला को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने पहले अज्ञात नंबर से कॉल कर मीटर अपडेट कराने की बात कही और फिर फॉर्म भरने के बहाने मोबाइल पर एक लिंक भेज दिया। इसके बाद अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए महिला के खाते से 5 लाख 48 हजार 14 रुपये निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता लवली रानी के पास 30 अक्टूबर को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मीटर अपडेट कराने से जुड़ी प्रक्रिया के लिए संपर्क करने वाला बताया। इसके बाद फॉर्म भरने के बहाने महिला के मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया। आरोप है कि लिंक के जरिए ठगों ने महिला को अपने जाल में फंसा लिया।
इस दौरान साइबर ठगों ने महिला के पति को वीडियो कॉल कर बातचीत भी की। आरोप है कि ठगों ने Pay ऐप के माध्यम से रुपये भेजने के लिए दबाव बनाया। इसके बाद खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 5 लाख 48 हजार 14 रुपये निकाल लिए गए।
खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में कॉल और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
