उत्तर प्रदेश में भाजपा ने मंगलवार को विपक्ष के SIR विरोध और वोट चोरी के आरोपों के जवाब में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली। लखनऊ और बरेली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतरे। हाथों में पार्टी के झंडे और लोकतंत्र बचाओ के पोस्टर लेकर कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में हिस्सा लिया। पार्टी ने दोनों शहरों में 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया।
लखनऊ में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पदयात्रा का नेतृत्व किया। उनके साथ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं, बरेली में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पदयात्रा में शामिल हुए।
शिवराज बोले- मोदी देश के मुकुट मणि, भगवान का वरदान
लखनऊ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव में हरा नहीं पा रहे हैं, इसलिए षड्यंत्र रचने लगे हैं। उन्होंने कहा, “मोदी देश के मुकुट मणि हैं और भगवान का वरदान हैं।” शिवराज ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 49 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि ऐसे नारे लगाइए कि दिल्ली में राहुल गांधी कांप जाएं। शिवराज ने कहा कि सरकार में आने के लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है, लेकिन विपक्ष चुनावी मैदान में मुकाबला नहीं कर पा रहा है और सड़क पर अराजकता फैला रहा है।
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
SIR के विरोध को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सवाल किया कि अगर किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दो जगह दर्ज है तो क्या उसका नाम एक जगह से नहीं कटना चाहिए? उन्होंने विपक्ष पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल से राजस्थान तक INDI गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भी अखिलेश यादव को सफलता नहीं मिलेगी और फरवरी में वह भी निपट जाएंगे।
ब्रजेश पाठक बोले- विपक्ष देश में अराजकता फैलाना चाहता है
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस और INDI गठबंधन पर संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष सत्ता की भूख में देश में बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करना चाहता है। विदेशी ताकतों के इशारे पर की जा रही ऐसी कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा जनता के जनादेश का सम्मान किया है। केरल, तमिलनाडु, हिमाचल और पंजाब सहित जिन राज्यों में विपक्षी दलों को जीत मिली, वहां भाजपा ने जनादेश स्वीकार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव जीतने पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की सराहना करता है, लेकिन हारने पर उन्हीं संस्थाओं पर सवाल उठाता है।
विपक्ष ने भी भाजपा की पदयात्रा पर उठाए सवाल
भाजपा की पदयात्रा को लेकर विपक्षी नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने इसे दिखावा और ड्रामा बताया। सपा नेता एसटी हसन ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में वोट गायब हुए हैं। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भाजपा पर ही लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया।
लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस खुद वोट चोरी करती है और अब इसी मुद्दे पर आरोप लगा रही है।
यूपी में भाजपा की पदयात्रा, शिवराज बोले- फरवरी में अखिलेश भी निपट जाएंगे
भाजपा ने विपक्ष के SIR विरोध और चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों के जवाब में देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू किया है। अभियान का पहला चरण 22 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। भाजपा का कहना है कि इसके जरिए कांग्रेस और INDI गठबंधन के एजेंडे को जनता के सामने रखा जाएगा और लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं तथा कानून के शासन के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी।
