*रिपोर्ट: अमित शर्मा
आगरा के शमशाबाद विद्युत सब स्टेशन पर विजिलेंस टीम की कार्रवाई से विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। टीम ने छापेमारी के दौरान जूनियर इंजीनियर (JE) विनेश कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेंद्र को अपने साथ ले गई।
कार्रवाई के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेंद्र पर एक उपभोक्ता से काम के बदले पैसे लेने का आरोप है। वहीं, विजिलेंस टीम ने JE विनेश कुमार को ट्रैप की कार्रवाई का हवाला देते हुए SDO कार्यालय से अपने साथ ले लिया।
इस पूरी कार्रवाई का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में विजिलेंस टीम की कार्रवाई देखी जा सकती है।
हालांकि, विजिलेंस की कार्रवाई पर SDO ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कार्यालय में किसी तरह का लेनदेन नहीं हुआ था, इसके बावजूद टीम ने जबरदस्ती कर्मचारियों को उठा लिया। SDO ने कार्रवाई के तरीके पर भी आपत्ति जताई है।
वहीं, विजिलेंस टीम की इस कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में हलचल मची हुई है। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के दावों और कार्रवाई से जुड़े तथ्यों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
