रिपोर्ट: न्यूज डेस्क, गोरखपुर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचे नितिन नबीन ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। यहां मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया।

इस दौरान नितिन नबीन ने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया।
गोरखनाथ मंदिर पहुंचने पर नितिन नबीन ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा के सामने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को मंदिर परिसर का भ्रमण कराया। उन्होंने नितिन नबीन को गोरखनाथ मंदिर के इतिहास और नाथपंथ की परंपराओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें अंगवस्त्र, प्रसाद और गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।
मंदिर में प्रसाद और जलपान ग्रहण करने के बाद नितिन नबीन पार्टी के निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सांसद रविकिशन शुक्ल और विजय दूबे, प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह तथा विधायक विपिन सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे।
