Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश पर ओम प्रकाश राजभर का तीखा हमला, बोले- पिता-चाचा को नहीं...

अखिलेश पर ओम प्रकाश राजभर का तीखा हमला, बोले- पिता-चाचा को नहीं दी अहमियत तो आजम खान को क्या देंगे

लखनऊ, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आजम खान और अखिलेश यादव के रिश्तों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जब अखिलेश यादव ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव और सगे चाचा को अहमियत नहीं दी तो रामपुर वाले ‘चचा’ आजम खान को क्या महत्व देंगे।

राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि आजम खान कुछ दिनों के लिए जेल से बाहर आए हैं, लेकिन अखिलेश यादव ने उनसे मुलाकात तक नहीं की। न ही उनसे दुआ-सलाम की। इतना ही नहीं, मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी आजम खान को लखनऊ नहीं बुलाया गया।

आजम खान को लेकर अखिलेश पर कसा तंज

ओम प्रकाश राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि क्या अखिलेश यादव की नजर में आजम खान अब ‘दग चुकी गोली’ बन गए हैं? उन्होंने कहा कि आजम खान कभी सैफई सिंडिकेट के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अहम राजनीतिक भूमिका निभाते थे, लेकिन अब उनकी स्थिति बदलती दिखाई दे रही है।

एम-वाई समीकरण पर भी साधा निशाना

राजभर ने समाजवादी पार्टी के एम-वाई (मुस्लिम-यादव) समीकरण पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जिस भाईचारे की बात करते हैं, उसमें ‘भाई’ के रूप में उनके अपने लोग स्थायी हैं, जबकि ‘चारा’ का चेहरा बदलता रहता है। कभी आजम खान इस भूमिका में थे और अब कोई दूसरा है।

मंत्री ने आजम खान के कथित ‘बिकने को तैयार’ वाले बयान का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव को सतर्क रहने की सलाह भी दी। राजभर ने कहा कि आजम खान को खरीदने के लिए बाजार में दाढ़ी और मूंछ वाले लोग पहले से ही घूम रहे हैं।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular