Homeउत्तर प्रदेशCMS के विज्ञान मेले में पहुंचे एयरफोर्स चीफ आशुतोष दीक्षित और अंतरिक्ष...

CMS के विज्ञान मेले में पहुंचे एयरफोर्स चीफ आशुतोष दीक्षित और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, बोले- आसमान सीमा नहीं

लखनऊ, 23 नवंबर। लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) के गोल्फ सिटी कैंपस में सोमवार को विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इसमें भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित और अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला शामिल हुए। दोनों ने छात्रों की ओर से तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडल और प्रयोगों को देखा और उनके आइडिया की जानकारी ली।

इस दौरान एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, सवाल पूछने और पूरी ईमानदारी से मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा केवल अपना CV बनाने पर ध्यान न दें, बल्कि अपने चरित्र को भी मजबूत बनाएं। सफलता मिलने पर विनम्र रहें और कभी हार न मानें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 का भारत युवाओं की सोच, फैसलों और मेहनत से बनेगा।

‘आसमान कोई सीमा नहीं, सिर्फ शुरुआत है’

आशुतोष दीक्षित ने शुभांशु शुक्ला की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी यात्रा बताती है कि आसमान कोई सीमा नहीं है। सपने देखने और उन्हें पूरा करने की हिम्मत रखने वालों के लिए आसमान सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने छात्रों से शिक्षकों को गौरवान्वित करने और CMS के साथ देश का नाम रोशन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष से देखने पर देशों की सीमाएं नजर नहीं आतीं, बल्कि पूरी पृथ्वी एक खूबसूरत ग्रह के रूप में दिखाई देती है। यह हम सभी का साझा घर है। युवाओं को ‘जय जगत’ की भावना के साथ अपने ज्ञान और क्षमताओं का इस्तेमाल समाज और देश की सेवा में करना चाहिए।

‘आज एयर चीफ नहीं, स्कूल का पूर्व छात्र बनकर आया हूं’

आशुतोष दीक्षित ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वह आज यहां एयर चीफ के रूप में नहीं, बल्कि स्कूल के पूर्व छात्र और विद्यार्थियों के साथी के रूप में आए हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने 1976 में CMS के आनंद नगर कैंपस में कक्षा छह में दाखिला लिया था। इसके बाद 1978 में राजेंद्र नगर कैंपस पहुंचे और 1980 में कक्षा 10 की पढ़ाई पूरी की।

उन्होंने 1971 के ज्ञान मेले का पुराना वीडियो देखने का भी जिक्र किया। कहा कि करीब पांच दशक पहले भी इसी संस्थान के विद्यार्थी अपने विचार और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते थे। आज के छात्र उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ तकनीक बदली है, लेकिन जिज्ञासु दिमाग की ताकत आज भी वही है।

शुभांशु बोले- मेरा सफर लखनऊ से शुरू हुआ

अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा कि उनका सफर लखनऊ से ही शुरू हुआ। सबसे पहली सीख माता-पिता से मिली और CMS में पढ़ाई के दौरान शिक्षकों ने मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि स्कूल में बिताए समय और वहां मिली सीख का महत्व उन्हें बाद में समझ आया।

अपने अंतरिक्ष मिशन का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि माइक्रोग्रैविटी में पहली बार स्ट्रैप खोलकर खिड़की से पृथ्वी को देखना बेहद अनमोल अनुभव होता है। ऐसा लगता है जैसे सब कुछ थम गया हो और समय रुक गया हो।

उन्होंने कहा, ‘आसमान कभी सीमा नहीं था, न मेरे लिए, न आपके लिए और न ही भारत के लिए।’ शुभांशु ने विज्ञान मेले की परंपरा को आगे बढ़ाने की जरूरत बताते हुए कहा कि ऐसा माहौल बनना चाहिए, जहां बच्चे सार्वजनिक स्थानों पर अपने वैज्ञानिक प्रोजेक्ट प्रदर्शित करें और लोग उनके प्रयोगों को समझें।

2027 में अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंच सकते हैं छात्रों के प्रयोग

CMS के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान मेले की एक खास उपलब्धि अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़ी पहल है। इसके तहत वॉयेजर मिक्सस्टिक्स माइक्रोग्रैविटी स्टूडेंट रिसर्च प्रोग्राम शुरू किया गया है। अर्थाइजन और इजराइल के राकिया मिशन के सहयोग से कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थी माइक्रोग्रैविटी से जुड़े प्रयोग तैयार करेंगे।

चयनित प्रयोगों को वर्ष 2027 में इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर आजमाए जाने की योजना है। इससे विद्यार्थियों को अंतरिक्ष में वैज्ञानिक प्रयोग करने का अवसर मिल सकता है।

रोबोटिक्स, ड्रोन और मोबाइल प्लेनेटेरियम रहे आकर्षण

विज्ञान मेले में रोबोटिक्स, ड्रोन, वैज्ञानिक प्रयोगों के लाइव डेमो और रिसर्च प्रेजेंटेशन भी प्रदर्शित किए गए। विद्यार्थियों के लिए मोबाइल प्लेनेटेरियम, चंद्रमा की विशाल प्रतिकृति, अर्थाइजन का अंतरिक्ष रथ और इन्फोसिस मोबाइल एक्सपीरियंस बस आकर्षण का केंद्र रहे। भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के तैरते मॉडल भी प्रदर्शित किए गए।

कार्यक्रम में एयरफोर्स चीफ को डिजाइनर मनीष त्रिपाठी की ओर से तैयार विशेष भेंट भी दी गई। मनीष त्रिपाठी अयोध्या में रामलला की पोशाक डिजाइन कर चुके हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular