Homeउत्तर प्रदेश'योगी की पाती' प्रदर्शनी में युवाओं की भागीदारी, कैनवास पर लिखे अपने...

‘योगी की पाती’ प्रदर्शनी में युवाओं की भागीदारी, कैनवास पर लिखे अपने मनोभाव

लखनऊ, 22 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की साप्ताहिक पहल ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर लखनऊ के 1090 चौराहे पर आयोजित प्रदर्शनी का रविवार को समापन हो गया। एक सप्ताह तक चली इस प्रदर्शनी में युवाओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की। लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ वहां लगाए गए कैनवास पर अपने विचार और मनोभाव भी लिखे।

समापन अवसर पर ‘रंग दे बसंती’ की ओर से सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई। इसमें अवधी, भोजपुरी और अन्य लोकगीतों पर कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। फोक मीडिया फाउंडेशन की खुशी एंड टीम ने गणेश वंदना ‘गजानन गणराया’ से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद ‘राजा जनक जी के बाग में अलबेला दूल्हा आयो’ और ‘आज अवध में राम आए हैं’ जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया।

लोकनृत्य और लाइव बैंड ने बांधा समां

अवधी लोकगीत ‘खुशियां मनावे किसान हो, लहरे खेत में फसलिया’ पर कलाकारों ने लोकनृत्य के जरिए किसानों की खुशियों और फसल की लहलहाहट को मंच पर उतारा। कार्यक्रम में अंशिका, संध्या, शालू, निष्ठा, राम, कृष्ण रावत, यशी, विनय, शिवांग, अभिषेक दुबे और निशांत पांडेय समेत कई कलाकारों ने प्रस्तुति दी। कोरियोग्राफी राकेश कुमार और खुशी ने की।

वहीं, अंश एंड टीम के लाइव बैंड ने बॉलीवुड गीतों से माहौल को संगीतमय बना दिया। मुंबई से आए गायक अंश ने ‘कहें क्या-न तुम जानो न हम’, ‘इंतजार हो गई इंतहा की’ और ‘प्यार हुआ इकरार हुआ’ जैसे गीत सुनाए। युवाओं ने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर गीतों पर नृत्य किया। ऑर्गन पर आदित्य, ड्रम पर ऋषभ और गिटार पर शहनवाज ने संगत की।

कैनवास पर युवाओं ने लिखे अपने विचार

प्रदर्शनी में लगाए गए कैनवास पर युवाओं और अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और प्रदेश में हुए बदलावों को लेकर अपने विचार लिखे। अनुपम कृष्ण ने मुख्यमंत्री की अभिभावक जैसी छवि का उल्लेख किया, जबकि रोहित गुप्ता ने कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी प्रतिक्रिया लिखी। अंशिका ने ‘वी लव बुलडोजर बाबा’ और पुलकित ने ‘वन गोल-वन मिशन-योगी 3.0’ लिखा। कई लोगों ने ‘वी लव योगी बाबा’ लिखकर अपने भाव साझा किए।

‘फ्रेंड्स ऑफ योगी’ से जुड़े युवा

प्रदर्शनी के दौरान ‘फ्रेंड्स ऑफ योगी’ की टीम ने युवाओं से संवाद किया। टीम ने उन्हें प्रदेश में हुए विकास कार्यों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘उत्तम प्रदेश’ के संकल्प के बारे में जानकारी दी। युवाओं के लिए क्विज भी आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुए कार्यों से जुड़े सवाल पूछे गए।

कई युवाओं ने स्टॉल पर लगे कैनवास पर हस्ताक्षर कर इस पहल में सक्रिय भागीदारी का संकल्प जताया। सदस्यता और हस्ताक्षर अभियान के दौरान वॉलंटियर विवेक कुमार, जीवन दीप, देवव्रत मिश्रा, उजाला विश्वकर्मा और अशेष समेत अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे। आयोजन में वॉलंटियर्स को डायरी, कप और हुडी भी भेंट की गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular