रिपोर्ट : अमित शर्मा, आगरा
आगरा। आगरा पुलिस लाइन में एयर रेड मॉक एक्सरसाइज-2026 के तहत हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास किया गया। एयर रेड का सायरन बजते ही पुलिस लाइन की बिजली बंद कर ब्लैकआउट किया गया। खतरे का अलर्ट करीब छह मिनट तक रहा। इस दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टर में पहुंचाने से लेकर आग बुझाने और घायलों को बचाने तक की प्रक्रिया का रिहर्सल किया गया।
जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में आयोजित इस मॉक ड्रिल में प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा की टीमों ने हिस्सा लिया। सायरन बजते ही संबंधित टीमें सक्रिय हो गईं। जवानों ने आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान आग लगने की स्थिति में दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रदर्शन किया। वहीं, बचाव दल ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। पूरे आयोजन में युद्ध जैसे हालात पैदा कर आपातकालीन सेवाओं की तत्परता और आपसी समन्वय को परखा गया।
इस दौरान डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नागरिक सुरक्षा टीम ने भी राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। प्रशासन की ओर से मॉक ड्रिल से पहले ही लोगों को इसकी जानकारी दे दी गई थी, ताकि सायरन और ब्लैकआउट से किसी तरह की अफरातफरी न हो।
रविंद्र कुमार, डीसीपी सिटी आगरा
