Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में नवविवाहिता की मौत, पति समेत तीन पर दहेज हत्या की...

लखनऊ में नवविवाहिता की मौत, पति समेत तीन पर दहेज हत्या की FIR

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। बाजारखाला इलाके में एक नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव घर के बंद कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

मृतका की मां ने पति समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए बाजारखाला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है।

जून में किया था प्रेम विवाह

बाजारखाला के भरतपुर निवासी गीता देवी के मुताबिक, उनकी बेटी पूजा ने बीते जून में आजमगढ़ के महाराजगंज स्थित जमीलपुर गांव निवासी प्रदीप सोनी से प्रेम विवाह किया था। प्रदीप पेशे से पेंटर है। शादी के बाद दोनों लखनऊ के करेहटा स्थित गुलजारनगर में तिकुनिया पार्क के पास किराए के मकान में रह रहे थे।

प्रदीप के मुताबिक, मंगलवार रात करीब नौ बजे वह काम खत्म कर घर लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं आया तो उसने खिड़की से झांककर देखा। कमरे के अंदर पूजा का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ था। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और पूजा को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पांच लाख रुपये के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

मृतका की मां गीता देवी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही प्रदीप उनकी बेटी पर मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर पूजा को प्रताड़ित किया जाता था। मां का आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी की जान गई है।

इंस्पेक्टर बाजारखाला ब्रजेश सिंह ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर पति प्रदीप, सास पुष्पा और जेठ नंदलाल के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular