Homeउत्तर प्रदेशदीपोत्सव-2026 में दिखेगी 500 वर्षों की अयोध्या, आधुनिक तकनीक से सजेगी रामनगरी

दीपोत्सव-2026 में दिखेगी 500 वर्षों की अयोध्या, आधुनिक तकनीक से सजेगी रामनगरी

अयोध्या दसवें दीपोत्सव-2026 को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए अयोध्या में इस बार संस्कृति, इतिहास और आधुनिक तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित दीपोत्सव में रामनगरी के करीब 500 वर्षों के इतिहास से लेकर श्रीराम मंदिर आंदोलन, मंदिर निर्माण और अयोध्या के बदलते स्वरूप तक की पूरी यात्रा को विशेष प्रदर्शनी के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दीपोत्सव के प्रमुख कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए शहर में 25 एलईडी वैन और 20 बड़े एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे।

रामकथा पार्क में दिखेगा अयोध्या का इतिहास

संस्कृति विभाग की ओर से रामकथा पार्क में लगाई जाने वाली विशेष प्रदर्शनी में वर्ष 1500 ईस्वी से लेकर वर्तमान अयोध्या तक के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को क्रमबद्ध तरीके से दिखाने की तैयारी है। प्रदर्शनी में रामनगरी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ श्रीराम मंदिर आंदोलन के प्रमुख पड़ाव भी शामिल होंगे।

मंदिर आंदोलन से जुड़े प्रमुख पुरोधाओं के योगदान को अभिनय आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया जाएगा। दर्शक अभिनय के जरिए उस दौर की घटनाओं और आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों की भूमिका को समझ सकेंगे। इसके बाद श्रीराम मंदिर निर्माण की प्रक्रिया और वर्तमान भव्य मंदिर परिसर तक की यात्रा भी प्रदर्शित की जाएगी।

मंदिर निर्माण से अयोध्या के कायाकल्प तक

प्रदर्शनी में सिर्फ मंदिर निर्माण ही नहीं, बल्कि इसके साथ बदलती अयोध्या की तस्वीर भी दिखाई जाएगी। शहर में विकसित हुए नए मार्ग, बेहतर आवागमन, जनसुविधाएं, पर्यटन सुविधाएं और आधारभूत ढांचे के विस्तार को भी प्रदर्शनी का हिस्सा बनाया गया है।

इस तरह एक ही स्थान पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अयोध्या की ऐतिहासिक विरासत से लेकर आधुनिक विकास तक की पूरी कहानी देखने को मिलेगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को रामनगरी के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना भी है।

अयोध्या अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान के सलाहकार एवं विशेष कार्याधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि दसवें दीपोत्सव में अयोध्या की ऐतिहासिक यात्रा को व्यापक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदर्शनी में 1500 ईस्वी से वर्तमान समय तक के महत्वपूर्ण घटनाक्रम शामिल किए जाएंगे। मंदिर आंदोलन के पुरोधाओं के योगदान को अभिनय के जरिए दिखाया जाएगा, जबकि मंदिर निर्माण से लेकर अयोध्या के वर्तमान विकास तक की तस्वीर भी प्रदर्शित होगी।

25 एलईडी वैन से शहरभर में होगा प्रचार

दीपोत्सव के आयोजन और कार्यक्रमों की जानकारी श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए अयोध्या के 25 प्रमुख स्थानों पर एलईडी वैन तैनात की जाएंगी। इनमें सूर्यकुंड दर्शननगर, हनुमानगढ़ी-रिकाबगंज, झूलेलाल मंदिर चौराहा, गुप्तार घाट, पूरा बाजार, रामघाट हाल्ट, गोसाईगंज बाजार, बस स्टेशन, अयोध्या कैंट और अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन समेत कई प्रमुख स्थल शामिल हैं।

इन एलईडी वैन के जरिए दीपोत्सव के प्रमुख कार्यक्रमों और जरूरी सूचनाओं का प्रसारण किया जाएगा, ताकि शहर के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद श्रद्धालु भी आयोजन से जुड़े रह सकें।

20 स्थानों पर बड़े एलईडी डिस्प्ले

दीपोत्सव के प्रमुख कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण देखने के लिए शहर के 20 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। रामघाट चौराहा, हनुमानगढ़ी, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, तुलसी उद्यान, रामकथा संग्रहालय, मीडिया सेंटर, टेढ़ी बाजार, राजघाट और वैक्स म्यूजियम समेत कई स्थानों पर श्रद्धालु इन स्क्रीन के जरिए मुख्य आयोजनों को देख सकेंगे।

इस व्यवस्था से उन लोगों को भी दीपोत्सव के प्रमुख कार्यक्रमों का अनुभव मिल सकेगा, जो मुख्य आयोजन स्थल तक नहीं पहुंच पाएंगे।

13 प्रमुख मार्गों पर दिखेगा दीपोत्सव का रंग

रामनगरी में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों से लेकर शहर के अंदर तक 13 प्रमुख मार्गों और चौराहों पर होर्डिंग और स्टैंडी लगाए जाएंगे। इनके जरिए दीपोत्सव की जानकारी और आयोजन से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए जाएंगे।

प्रशासन ने सजावट और प्रचार सामग्री लगाने के दौरान सुरक्षा के मानकों का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। विद्युत और टेलीफोन के पोल या अन्य टावर पर फ्लेक्स और फ्रेम लगाने की अनुमति नहीं होगी। प्रचार सामग्री के लिए अलग से मजबूत ढांचे तैयार करने होंगे।

इतिहास और आधुनिकता का संगम बनेगा दीपोत्सव

दसवें दीपोत्सव में अयोध्या इस बार सिर्फ दीपों की रोशनी से ही नहीं, बल्कि अपनी 500 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा और आधुनिक तकनीक के जरिए भी देश-दुनिया के सामने अपनी तस्वीर पेश करेगी।

रामकथा पार्क की प्रदर्शनी जहां रामनगरी की विरासत और मंदिर आंदोलन की कहानी सुनाएगी, वहीं एलईडी वैन और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड श्रद्धालुओं को आधुनिक तकनीक के जरिए दीपोत्सव से जोड़ेंगे।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular