दीपावली और छठ पूजा के दौरान पटाखों से होने वाले हादसों, आगजनी और सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रदेश सरकार ने अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। सभी राजकीय और स्वशासी मेडिकल कॉलेजों के साथ उनसे संबद्ध अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे सक्रिय रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती से लेकर दवाओं और जीवनरक्षक उपकरणों तक की पर्याप्त व्यवस्था करनी होगी।
महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण नेहा शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि इमरजेंसी में पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज का तत्काल परीक्षण कर उपचार शुरू किया जाए। इसके लिए ट्रामा सेंटर, आकस्मिक चिकित्सा इकाई, बर्न यूनिट और ऑपरेशन थिएटर में डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इमरजेंसी, आर्थोपेडिक्स, मेडिसिन और रेडियोलॉजी विभागों के डॉक्टरों, नर्सिंग कर्मियों और तकनीशियनों का ड्यूटी रोस्टर तैयार किया जाएगा। किसी कर्मचारी के अनुपस्थित रहने पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे कर्मचारी की तैनाती भी करनी होगी।
दवाओं से लेकर ऑक्सीजन तक की होगी व्यवस्था
अस्पतालों में आपातकालीन उपचार के लिए जीवनरक्षक दवाओं, इंजेक्शन और जरूरी मेडिकल सामग्री का पर्याप्त स्टॉक रखना होगा। इसके अलावा ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटिलेटर, मॉनीटर, डिफिब्रिलेटर और सक्शन मशीन जैसे उपकरण भी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। ब्लड बैंक से समन्वय स्थापित कर रक्त और उसके अवयवों का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित किया जाएगा।
सामूहिक दुर्घटना या आगजनी जैसी स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों को अपनी आपदा प्रबंधन योजना भी अपडेट रखनी होगी। गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर उच्चतर चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस और रेफरल व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।
अग्नि सुरक्षा इंतजामों की होगी जांच
अस्पतालों के प्रधानाचार्यों को आकस्मिक चिकित्सा इकाइयों, ऑपरेशन थिएटर, ऑक्सीजन प्लांट और विद्युत पैनल जैसे संवेदनशील स्थानों पर अग्नि सुरक्षा इंतजामों की आकस्मिक जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यालय की टीमें भी अस्पतालों का निरीक्षण करेंगी। इसके साथ ही स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, पेयजल, बिजली और बैकअप व्यवस्था की भी निगरानी की जाएगी।
प्रधानाचार्य, निदेशक और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक अस्पतालों की तैयारियों की नियमित समीक्षा करेंगे। वरिष्ठ नोडल अधिकारी ड्यूटी रोस्टर से लेकर जरूरी संसाधनों की उपलब्धता तक पर नजर रखेंगे। त्योहारों के दौरान मरीजों को इलाज मिलने में किसी तरह की देरी या लापरवाही होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
