अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर संतों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर सराहना की। राम कथा पार्क में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने संतों का सम्मान करते हुए उन्हें मिष्ठान, दक्षिणा और उपहार भेंट किए। इस दौरान संतों ने अयोध्या के विकास, धर्म-संस्कृति के संरक्षण और दीपोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की। संतों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या की तस्वीर बदली है और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिली है।
सुग्रीव किला के महंत स्वामी विश्ववेश प्रपन्नाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कारण हिंदू धर्म, संस्कृति और हिंदू समाज सुरक्षित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
वहीं, हरिधाम पीठ गोपाल मंदिर के महंत जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से अयोध्या की पहचान अब देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक पहुंच रही है। दीपोत्सव जैसे आयोजनों ने रामनगरी को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
संतों ने कहा- योगी ने बदल दी अयोध्या की तस्वीर
उदासीन आश्रम के श्रीमहंत डॉ. स्वामी भरत लाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के दीपोत्सव को नया स्वरूप और भव्यता प्रदान की है। वहीं, वैदेही वल्लभ पुंज बावन जी मंदिर के महंत वैदेही वल्लभ शरण ने मुख्यमंत्री को भगवान राम की विशेष कृपा प्राप्त बताते हुए उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “वे सिंधु हैं और उनके बारे में जो बोला जाए, वह बिंदु है।”
वासुदेव घाट स्थित पत्थर मंदिर के महंत मनीष दास ने भी अयोध्या में हुए बदलावों का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया। उन्होंने कहा कि एक समय अयोध्या में बजबजाती नालियां दिखाई देती थीं, लेकिन अब शहर की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने आगामी चुनाव में भाजपा की फिर से जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि इससे अयोध्या का विकास और आगे बढ़ेगा।
दीपोत्सव के साथ विकास और सियासत की भी चर्चा
दीपोत्सव के दौरान संतों के बयानों में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और अयोध्या के विकास की झलक देखने को मिली। संतों ने प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। वहीं, आगामी चुनाव को लेकर भाजपा की जीत का भरोसा जताने वाले बयानों ने आयोजन के दौरान सियासी चर्चाओं को भी हवा दी। रामनगरी में दीपोत्सव की भव्यता के बीच मुख्यमंत्री के साथ संतों का यह संवाद भी चर्चा का विषय बना रहा।
