Homeउत्तर प्रदेशअयोध्या के आसमान में फिर जीवंत हुई रामायण, 2100 स्वदेशी ड्रोन ने...

अयोध्या के आसमान में फिर जीवंत हुई रामायण, 2100 स्वदेशी ड्रोन ने दिखाई राम दरबार और राम मंदिर की भव्य झलक

अयोध्या। दीपोत्सव के बाद जमघट की शाम अयोध्या के आसमान में एक बार फिर प्रभु श्रीराम की भव्य छवि दिखाई दी। आधुनिक तकनीक और आस्था के अनूठे संगम ने हजारों लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित विशेष ड्रोन शो में 2100 स्वदेशी ड्रोन ने एक साथ उड़ान भरकर आसमान को राममय कर दिया। ड्रोन के जरिए भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की आकृतियां उभरीं। वहीं राम दरबार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की मनमोहक झलक ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

दीपोत्सव के मुख्य समारोह में 7 नवंबर को आयोजित इस विशेष ड्रोन शो को सोमवार को एक बार फिर प्रस्तुत किया गया। इसका उद्देश्य अयोध्या के स्थानीय निवासियों को भी उस भव्य आयोजन का अनुभव कराना था, जिसने दीपोत्सव के दौरान देश-दुनिया से आए पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया था।

आसमान में दिखे रामायण के प्रमुख प्रसंग

करीब 2100 ड्रोन की सधी हुई उड़ान के साथ सबसे पहले भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की आकृतियां आसमान में उभरीं। इसके बाद रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों को रोशनी के माध्यम से जीवंत किया गया। रावण वध, पुष्पक विमान और भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी के दृश्यों ने लोगों को त्रेतायुग की याद दिला दी।

शो में राम दरबार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की भव्य आकृतियां भी प्रदर्शित की गईं। आसमान में एक के बाद एक बदलती तस्वीरों को देखकर दर्शक रोमांचित नजर आए। लोगों ने इस अद्भुत नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया।

वाल्मीकि और तुलसीदास को भी दी गई जगह

ड्रोन शो में रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि और रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास को भी विशेष स्थान दिया गया। संगीत और कथावाचन के साथ ड्रोन से बनने वाली आकृतियों ने रामकथा को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत किया। रोशनी, संगीत और तकनीक के तालमेल ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

न्यायमूर्ति बबीता रानी समेत कई अधिकारी रहे मौजूद

इस विशेष आयोजन में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ की न्यायमूर्ति बबीता रानी समेत कई वरिष्ठ अतिथि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने ड्रोन के जरिए प्रस्तुत रामायण के प्रसंगों का आनंद लिया।

दीपोत्सव की भव्यता के बाद जमघट पर आयोजित इस विशेष ड्रोन शो ने अयोध्या की उत्सवी रौनक को और बढ़ा दिया। आधुनिक तकनीक के माध्यम से रामायण की झलक ने एक बार फिर रामनगरी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को खास अंदाज में प्रस्तुत किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular