मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली ब्रजभूमि में गोवर्धन पूजा का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। मथुरा और गोवर्धन में सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कहीं विशेष पूजा-अर्चना हो रही है तो कहीं भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग और अन्नकूट का प्रसाद अर्पित किया जा रहा है। गोवर्धन महाराज के जयकारों से पूरा ब्रज क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा और गोवर्धन पहुंच रहे हैं। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। धार्मिक अनुष्ठानों और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
अन्नकूट के भोग से जीवंत हुई गोवर्धन लीला की परंपरा
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठा लिया था। इसी लीला की स्मृति में कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को गोवर्धन पूजा की जाती है। इस दिन गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजा करने और भगवान को अन्नकूट का भोग लगाने की परंपरा है।
अन्नकूट में तरह-तरह के पकवान, सब्जियां और मौसमी व्यंजन शामिल किए जाते हैं। श्रद्धालु इसे भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित करने के बाद प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं। ब्रज के मंदिरों में इस परंपरा को विशेष भव्यता के साथ निभाया जा रहा है।
ब्रज के धार्मिक आयोजनों को मिल रही नई पहचान
ब्रज क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, राधाष्टमी और विश्व प्रसिद्ध ब्रज रंगोत्सव जैसे आयोजनों की तरह गोवर्धन पूजा भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। राज्य सरकार की ओर से धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने के प्रयासों से ब्रज की पारंपरिक पहचान को नई पहचान मिल रही है।
पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवागमन को लेकर प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं की जाती हैं। गोवर्धन पूजा के साथ पूरा ब्रज एक बार फिर श्रीकृष्ण भक्ति, परंपरा और आध्यात्मिक उल्लास के रंग में रंगा नजर आ रहा है।
