लखनऊ। चिकन कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में जेल में बंद मॉडल श्रद्धा दुबे की दिनचर्या में बदलाव देखने को मिल रहा है। जेल में वह अब सुबह-शाम योग और पूजा-पाठ में समय बिता रही है। दिन के बाकी समय अपनी बहन रश्मि और बैरक की दूसरी महिला बंदियों के साथ बातचीत करती है। वहीं, जेल में अब तक उससे मिलने परिवार का कोई सदस्य या परिचित नहीं पहुंचा है। उसकी अब तक सिर्फ दो बार वकील से मुलाकात हुई है।
31 अक्टूबर को अदालत से उसकी हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ाई गई थी। ऐसे में बढ़ी हुई हिरासत की अवधि 13 नवंबर को पूरी होगी। जेल सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती दिनों में दोनों बहनें काफी परेशान थीं, लेकिन अब उनकी दिनचर्या में बदलाव आया है।

शुरुआत में किसी से नहीं करती थीं बातचीत
जेल पहुंचने के शुरुआती 24 घंटे तक श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि ने किसी से बातचीत नहीं की थी। दोनों निगरानी में तैनात डिप्टी जेलर से ही कुछ न कुछ पूछती रहती थीं। उन्हें 40 से 45 महिला बंदियों वाली बैरक में रखा गया है। शुरुआती दिनों में दोनों बैरक में इधर-उधर घूमती रहती थीं, लेकिन धीरे-धीरे दूसरी महिला बंदियों से बातचीत करने लगीं।
प्रभारी वरिष्ठ जेल अधीक्षक ऋत्विक प्रियदर्शी के मुताबिक, श्रद्धा, रश्मि और चालक तनवीर को अन्य बंदियों की तरह ही रखा गया है। तीनों जेल के निर्धारित नियमों के अनुसार सामान्य दिनचर्या बिता रहे हैं।
12 दिन फरार रहने के बाद नागपुर से हुई थी गिरफ्तारी
कारोबारी शिवा शर्मा की 9 अक्टूबर को मौत के बाद श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और ड्राइवर के साथ फरार हो गई थी। करीब 12 दिन तक नेपाल, रायबरेली, लखनऊ और आगरा में ठिकाने बदलने के बाद 22 अक्टूबर को उसे नागपुर से गिरफ्तार किया गया था।

श्रद्धा के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स बढ़े
शिवा शर्मा हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद श्रद्धा दुबे का इंस्टाग्राम अकाउंट भी चर्चा में है। घटना के बाद उसके फॉलोअर्स की संख्या 1.41 लाख से बढ़कर 1.44 लाख हो गई। वहीं, जिन लोगों को वह फॉलो करती थी, उनकी संख्या 421 से घटकर 404 रह गई है।
दावा किया जा रहा है कि घटनाक्रम के बाद उसके अकाउंट से कुछ प्रोफाइल को अनफॉलो या ब्लॉक किया गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्या है शिवा शर्मा की मौत का मामला?
9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। वह पिछले करीब चार महीने से श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। घटना के बाद शिवा का शव अपार्टमेंट के नीचे मिला था।
शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर आदिल समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। परिवार का आरोप है कि श्रद्धा ने शिवा को चौथी मंजिल से धक्का दिया था। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
