चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में सोमवार तड़के श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे का शिकार हो गई। मऊ तहसील के रामनगर कस्बे के पास पावर हाउस के नजदीक करीब 2:30 बजे ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में छह साल के बच्चे समेत चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा रायपुरा थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाली कपलिंग पिन यानी हुक अचानक टूट गई। इसके बाद ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। ट्रॉली में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए।
दर्शन और दीपदान के बाद लौट रहे थे श्रद्धालु
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के मुताबिक, सभी श्रद्धालु चित्रकूट के धार्मिक स्थलों के दर्शन करने और धार्मिक अनुष्ठान व दीपदान में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद वे ट्रैक्टर-ट्रॉली से प्रयागराज लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही यूपी-112, रायपुरा पुलिस और मेले की ड्यूटी में तैनात अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया। ट्रॉली के नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
4 लोगों की मौत, 12 घायल
घायलों में सात लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में छह साल का एक बच्चा भी शामिल है।
हादसे में घायल 12 लोगों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
