मथुरा। ब्रजभूमि में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव पर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गिरिराज महाराज की सात कोसीय परिक्रमा के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु गोवर्धन पहुंचे। मंगलवार सुबह चार बजे से शुरू हुआ दुग्धाभिषेक देर रात तक जारी रहा। दानघाटी मंदिर, मुकुट मुखारविंद और जतीपुरा मुखारविंद समेत 21 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर भक्तों ने दूध से गिरिराज महाराज का अभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
भजन-कीर्तन और जयकारों से भक्तिमय हुआ ब्रज
गोवर्धन का पूरा परिक्रमा मार्ग गिरिराज महाराज के जयकारों और भजनों से गूंजता रहा। ‘तेरी कट जाएं बाधा जीवन की, कर परिक्रमा गोवर्धन की’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। जगह-जगह भंडारे, फूलों से सजी झांकियां और अन्नकूट की टोकरियां लेकर पहुंचते भक्त आयोजन की शोभा बढ़ाते रहे। हरे कृष्णा-हरे राम के संकीर्तन के बीच महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने परिक्रमा पूरी की।
40 देशों से पहुंचे 10 हजार से ज्यादा विदेशी भक्त
इस बार गोवर्धन पूजा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। इस्कॉन और गौड़ीय संप्रदाय से जुड़े भारतीय श्रद्धालुओं के साथ करीब 40 देशों के 10 हजार से अधिक विदेशी भक्त महोत्सव में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते विदेशी श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में डूबे नजर आए। राधाकुंड मार्ग स्थित गौड़ीय मठ से भक्त अन्नकूट की सामग्री लेकर निकले। इस दौरान गिरिराज महाराज का पंचामृत से अभिषेक किया गया और 56 भोग अर्पित किए गए।
2000 किलो सूजी के हलवे से बनाया गिरिराज पर्वत
इस्कॉन की गौशाला में 2000 किलो सूजी के हलवे से गिरिराज पर्वत का भव्य स्वरूप तैयार किया गया। अमेरिका से आई श्रद्धालु गौरा मणि देवी दासी ने बताया कि उन्होंने खुद 250 किलो हलवा तैयार किया। उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि में आकर भगवान श्रीकृष्ण के करीब होने का एहसास होता है। यहां का वातावरण मन को असीम शांति और सुकून देता है।
बरसाना से वृंदावन तक अन्नकूट महोत्सव की धूम
गोवर्धन के साथ बरसाना, मथुरा और वृंदावन में भी अन्नकूट महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। बरसाना में श्रद्धालुओं ने गोबर से गोवर्धन पर्वत का प्रतीक बनाकर दूध, दही और मिठाइयों का भोग लगाया। राधारानी मंदिर, रंगीली महल और मानगढ़ धाम में विशेष पूजा-अर्चना हुई। शाम को मंदिरों और घरों में दीप जलाए गए।
वहीं, मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि, वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए करीब तीन किलोमीटर लंबी कतार लगी रही।
विदेशी श्रद्धालुओं ने बताया जीवन का यादगार अनुभव
नोएडा से आई सुमन शर्मा ने कहा कि गोवर्धन पूजा उनके जीवन में विशेष महत्व रखती है। वह हर साल गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने आती हैं। दुग्धाभिषेक के बाद मिलने वाली शांति को शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
अमेरिका की गौरा मणि देवी दासी ने ब्रजभूमि को भगवान श्रीकृष्ण के करीब होने का माध्यम बताया। वहीं, पोलैंड से आई गौराबैनी देवी दासी ने कहा कि वह पहली बार गोवर्धन पूजा में शामिल हुई हैं। यहां का माहौल, श्रद्धालुओं की आस्था और कीर्तन की ऊर्जा अद्भुत है। ब्रज आना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।
दानघाटी मंदिर के सेवायत मथुरा दास कौशिक ने गोवर्धन पूजा की धार्मिक मान्यता बताते हुए कहा कि द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र की पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा शुरू कराई थी। इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने सात दिनों तक अपनी कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत धारण किया था। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। योगी सरकार के निर्देश पर विभिन्न प्रमुख स्थलों और परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
