Homeउत्तर प्रदेशगढ़मुक्तेश्वर-तिगरी मेले में उमड़ेंगे 30 लाख श्रद्धालु, CM योगी ने दिए सुरक्षा...

गढ़मुक्तेश्वर-तिगरी मेले में उमड़ेंगे 30 लाख श्रद्धालु, CM योगी ने दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ।इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेले की तैयारियों की /समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े सभी इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि आस्था के इस बड़े आयोजन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

17 से 26 नवंबर तक चलेगा मेला, 24 को मुख्य स्नान

गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी में 17 से 26 नवंबर तक गंगा स्नान मेले का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य स्नान पर्व 24 नवंबर को होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे ‘वेस्टर्न यूपी का मिनी कुंभ’ बताते हुए कहा कि मेला श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनना चाहिए।

समीक्षा बैठक में मेरठ, बरेली, अमरोहा, हापुड़ और मुरादाबाद समेत संबंधित मंडलों और जिलों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

मेला क्षेत्र में शराब और नशीले पदार्थों पर प्रतिबंध

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। किसी भी ऐसी गतिविधि की अनुमति न दी जाए, जिससे धार्मिक आयोजन की गरिमा प्रभावित हो। श्रद्धालुओं के स्नान के लिए घाटों पर पर्याप्त व्यवस्था करने और जरूरत के अनुसार नदी को चैनलाइज करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने, पर्याप्त सफाईकर्मियों की तैनाती और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। श्रद्धालुओं को निर्बाध बिजली और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था में महिला पुलिसकर्मियों के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी लगाई जाएंगी। मेला क्षेत्र में वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और फायर टेंडर की व्यवस्था रहेगी।

मुख्यमंत्री ने 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मेले में ड्यूटी करने वाले जवानों की पहले से काउंसिलिंग कराने को कहा। साथ ही पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान रील बनाने से दूर रहने की हिदायत दी।

अस्थायी अस्पताल और अतिरिक्त बसों की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए सीएचसी स्तर के अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे। यहां पर्याप्त चिकित्साकर्मी, एंबुलेंस और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

लेजर और ड्रोन शो से बढ़ेगी मेले की रौनक

इस बार मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ श्रीमद्भागवत कथा, रासलीला, रामलीला और भगवान शिव से जुड़े आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए लेजर शो और ड्रोन शो भी आयोजित करने की तैयारी है।

बच्चों के लिए स्लोगन, भाषण, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अफवाह और दुष्प्रचार फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मेले में नशामुक्ति अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular