रिपोर्ट: अमित शर्मा
आगरा। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल में प्री-वेडिंग शूट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिबंधों के बावजूद ऐतिहासिक स्मारक परिसर में प्री-वेडिंग शूट किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के दावों के बीच इस तरह की गतिविधियां जारी रहना जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
ताजमहल में शूटिंग को लेकर निर्धारित नियमों और प्रतिबंधों के बावजूद कथित तौर पर प्री-वेडिंग शूट किए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि आखिर सुरक्षा व्यवस्था के बीच इन गतिविधियों को अनुमति कैसे मिल रही है? क्या निगरानी में कहीं चूक हो रही है या नियमों का पालन कराने में लापरवाही बरती जा रही है?
वहीं, बिना निर्धारित अनुमति और शुल्क के शूटिंग होने की स्थिति में सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। ताजमहल जैसे विश्व धरोहर स्मारक की गरिमा और नियमों को बनाए रखने के लिए जिम्मेदार विभागों की भूमिका अहम है।
अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और ताजमहल परिसर में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कब कार्रवाई होती है।
