Homeउत्तर प्रदेशदिवाली पर लखनऊ की हवा हुई जहरीली, PM10 का स्तर 726 के...

दिवाली पर लखनऊ की हवा हुई जहरीली, PM10 का स्तर 726 के पार; 2018 के बाद सबसे ज्यादा प्रदूषण

लखनऊ। दिवाली पर आतिशबाजी का असर लखनऊ की आबोहवा पर साफ नजर आया। पटाखों के धुएं से शहर में वायु प्रदूषण का स्तर कई गुना बढ़ गया। दिवाली की रात PM10 का औसत स्तर 726.2 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित मानक 100 से सात गुना से भी अधिक है। वर्ष 2018 के बाद दिवाली पर प्रदूषण का यह सबसे ऊंचा स्तर बताया जा रहा है। वहीं, पटाखों के शोर से विकासनगर में ध्वनि प्रदूषण 90.3 डेसीबल तक पहुंच गया।

भारतीय विषविज्ञान अनुसंधान संस्थान (IITR) की निगरानी रिपोर्ट में प्रदूषण की यह तस्वीर सामने आई है। संस्थान की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में वायु और ध्वनि प्रदूषण की जांच की। रिपोर्ट के मुताबिक, सभी निगरानी केंद्रों पर PM10 और PM2.5 का स्तर निर्धारित मानकों से काफी अधिक दर्ज किया गया।

अलीगंज की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित

चार इलाकों में अलीगंज की स्थिति सबसे खराब रही। यहां PM10 का स्तर 912 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। वहीं, टॉकाटोरा में 751, अमीनाबाद में 642 और विकासनगर में 599 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रहा।

PM2.5 के मामले में भी अलीगंज सबसे आगे रहा। यहां इसका स्तर 558 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज हुआ। अमीनाबाद में 435, टॉकाटोरा में 316 और विकासनगर में 292 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रिकॉर्ड किया गया। जबकि PM10 का निर्धारित मानक 100 और PM2.5 का 60 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर है।

चार साल में 83 फीसदी बढ़ा PM10

दिवाली पर पिछले चार वर्षों के आंकड़े भी प्रदूषण में लगातार बढ़ोतरी का संकेत दे रहे हैं। वर्ष 2022 में PM10 का स्तर 396, 2023 में 464, 2024 में 451 और 2025 में 565 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया था। इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 726.2 पहुंच गया। वर्ष 2022 की तुलना में इसमें 83.4 फीसदी और पिछले साल के मुकाबले 28.5 फीसदी की वृद्धि हुई है।

विकासनगर में सबसे ज्यादा शोर

आतिशबाजी के कारण वायु प्रदूषण के साथ ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ा। विकासनगर में सबसे अधिक 90.3 डेसीबल शोर दर्ज किया गया। अमीनाबाद में यह 86.5, अलीगंज में 85.3 और चौक में 85.2 डेसीबल रहा। आंकड़े बताते हैं कि दिवाली की आतिशबाजी ने शहर की हवा के साथ ध्वनि गुणवत्ता को भी प्रभावित किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular