Homeउत्तर प्रदेशयूपी चुनाव 2027: ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने किया गठबंधन, सामाजिक परिवर्तन...

यूपी चुनाव 2027: ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने किया गठबंधन, सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाएंगे

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नए राजनीतिक गठबंधन का एलान हुआ है। चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। दोनों दलों ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने की घोषणा की है। गठबंधन की ओर से प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही गई है।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन का उद्देश्य दलितों और मुस्लिमों को राजनीतिक भागीदारी में बराबर का अधिकार दिलाना है।

चंद्रशेखर आजाद होंगे मुख्यमंत्री पद का चेहरा

गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश किया गया है। ओवैसी ने कहा कि दोनों दल मिलकर उत्तर प्रदेश में राजनीतिक बदलाव की दिशा में काम करेंगे। इस घोषणा के बाद प्रदेश की सियासत में नए गठबंधन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन को तीसरा नहीं, बल्कि पहला मजबूत मोर्चा बताया। उन्होंने कहा कि अब राजनीतिक अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोनों नेताओं ने सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी को गठबंधन का प्रमुख मुद्दा बताया है।

2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस गठबंधन के सामने प्रदेश की सभी सीटों पर संगठन और उम्मीदवारों को लेकर रणनीति तैयार करने की चुनौती होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular