लखनऊ। समाजवादी पार्टी के लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय के बाहर गुरुवार को लगी एक नई होर्डिंग राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। इस होर्डिंग में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए PDA का नया अर्थ बताया गया है। इसमें P का मतलब ‘पहले’, D का ‘दर्शन’ और A का ‘आशीर्वाद’ लिखा गया है। अखिलेश यादव के 12 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले लगाई गई इस होर्डिंग को राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
होर्डिंग में अखिलेश यादव को ‘आदरणीय’ संबोधित करते हुए उनके अयोध्या दर्शन का जिक्र किया गया है। इसे अब्दुल अजीम मंसूरी के नाम से लगवाया गया है। इसके जरिए अखिलेश के अयोध्या दौरे को सम्मान, दर्शन और आशीर्वाद से जोड़ने की कोशिश की गई है।
PDA के जरिए सभी वर्गों को जोड़ने का संदेश
होर्डिंग लगवाने वाले सपा नेता मोहम्मद अजीम ने कहा कि अखिलेश यादव ऐसे नेता हैं, जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। वह बुजुर्गों का सम्मान करते हैं और युवाओं के साथ आने वाली पीढ़ी के भविष्य की भी चिंता करते हैं। उन्होंने कहा कि PDA की विचारधारा का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना है। इसी सोच के तहत समाजवादी पार्टी के झंडे तले सभी समुदायों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
2027 में अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प
मोहम्मद अजीम ने कहा कि PDA से जुड़े लोगों ने 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया है। उनके मुताबिक, PDA केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि दलितों, पिछड़ों और शोषित वर्गों को न्याय दिलाने का मिशन है। उन्होंने दावा किया कि PDA के रथ पर सवार होकर अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में विकास का नया इतिहास लिखेंगे।
