रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। छठ महापर्व को लेकर लखनऊ प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओपी श्रीवास्तव ने शुक्रवार को कुकरैल पिकनिक स्पॉट स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम, जलकल, सिंचाई, वन, विद्युत विभाग और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर 15 और 16 नवंबर को होने वाले छठ आयोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, चिकित्सा और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।
महिला-पुरुषों के लिए अलग मोबाइल टॉयलेट
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट परिसर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग मोबाइल टॉयलेट लगाए जाएंगे। इनकी नियमित सफाई के साथ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पूजा स्थल पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां जिम्मेदार कर्मचारी तैनात रहेंगे। यहां महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को जरूरत पड़ने पर सहायता मिलेगी।
घाट पर बनेगा मेडिकल कैंप
छठ पूजा के दौरान किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाट पर मेडिकल कैंप लगाया जाएगा। यहां श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
घाट और रास्तों पर रहेगी पर्याप्त रोशनी
सुबह और शाम होने वाली पूजा को देखते हुए घाट परिसर, मुख्य मार्ग, संपर्क मार्ग और पार्किंग क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। बिजली विभाग को अस्थायी कनेक्शन और बिजली के तारों की सुरक्षा जांचने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं सिंचाई विभाग को घाट पर स्वच्छ जल की समुचित व्यवस्था और लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। घाट के किनारों पर मजबूत रेलिंग लगाने के साथ फिसलन रोकने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। जोखिम वाले स्थानों पर सुरक्षा संकेतक भी लगाए जाएंगे।
भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी फोकस
पुलिस प्रशासन को भीड़ और ट्रैफिक मैनेजमेंट की जिम्मेदारी दी गई है। पार्किंग और आवागमन की ऐसी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में परेशानी न हो।
घाट परिसर और आसपास के रास्तों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। जगह-जगह डस्टबिन रखे जाएंगे और कूड़े का नियमित उठान किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और घोषणाओं के लिए साउंड सिस्टम तथा मंच की व्यवस्था भी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक ओपी श्रीवास्तव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ महापर्व लोक आस्था से जुड़ा आयोजन है। इसलिए सभी विभाग औपचारिकता के बजाय श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए काम करें। इस दौरान भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
