रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। लखनऊ में शुक्रवार सुबह हल्की धुंध के साथ हवा की गुणवत्ता भी खराब हो गई। शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 269 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। हवा में PM2.5 का स्तर सबसे ज्यादा रहा। अलीगंज में AQI 269, तालकटोरा में 260 और लालबाग में 201 दर्ज किया गया। ये तीनों मॉनिटरिंग स्टेशन ऑरेंज जोन में रहे।
वहीं, अंबेडकर यूनिवर्सिटी में AQI 175, गोमतीनगर में 186 और कुकरैल में 138 दर्ज किया गया। इन तीनों इलाकों की हवा यलो जोन में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के गुरुवार शाम 5 बजे जारी आंकड़ों में लखनऊ का AQI 202 दर्ज किया गया था।
सुबह धुंध, दिन में मौसम साफ होने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह धुंध छाए रहने के बाद दिन में मौसम साफ होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में अधिकतम आर्द्रता 90 फीसदी और न्यूनतम 40 फीसदी रही।
16 नवंबर से तेजी से बढ़ेगी ठंड
लखनऊ में अब गुलाबी ठंड के बाद सर्दी बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 16 नवंबर से तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे दिन और रात दोनों के तापमान में कमी आएगी और सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ेगा।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक कश्मीर के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। हालांकि, इसका उत्तर प्रदेश के मौसम पर सीधा असर पड़ने की संभावना नहीं है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और पश्चिमी मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है।
पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी के बाद उत्तर प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का असर बढ़ेगा। इन्हीं हवाओं के चलते 16 नवंबर से प्रदेश के तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में सुबह और शाम की ठंड और बढ़ सकती है।
