रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। रक्षामंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह शुक्रवार को सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र गुलजार उपवन पहुंचे। लखनऊ एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राजनाथ सिंह ने नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने लखनऊ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस धरती की पहचान भगवान लक्ष्मण से जुड़ी है। राम के वनवास के दौरान लक्ष्मण ने 14 साल तक जागकर प्रहरी की भूमिका निभाई और दिन-रात उनकी सेवा व सुरक्षा की। त्याग और समर्पण की ऐसी विरासत वाली लखनऊ की धरती पर दिव्य संस्कृति का विशेष महत्व है।
दिव्य गुणों को बताया असली शक्ति
कार्यक्रम में राजयोगिनी मनोरमा दीदी ने रामायण के एक प्रसंग के माध्यम से दिव्य गुणों का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि युद्ध के समय रावण रथ पर सवार था, जबकि भगवान राम के पास कोई दिखाई देने वाला रथ नहीं था। इस पर विभीषण ने चिंता जताई तो भगवान राम ने धैर्य, सत्य, शील और दृढ़ता को अपने रथ का आधार बताया। उन्होंने परोपकार को रथ के घोड़े के समान बताया।
मनोरमा दीदी ने कहा कि समता, करुणा, ममता और परोपकार जैसे गुणों के बल पर इंसान बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना कर सकता है। व्यक्ति के भीतर दिव्य गुण होना ही उसकी वास्तविक शक्ति है।
यूपी को बताया बुद्ध और बुद्धिमानों की भूमि
ब्रह्माकुमारीज के जनरल सेक्रेटरी धर्म योगी जी ने उत्तर प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह शिव, कृष्ण, राम और बुद्ध की भूमि है। इसे युद्ध की नहीं, बल्कि बुद्ध और बुद्धिमानों की धरती के रूप में पहचान मिलनी चाहिए। उन्होंने प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में राजनाथ सिंह के योगदान की सराहना की।
धर्म योगी जी ने राजनाथ सिंह को कार्यक्रम का मुख्य अतिथि कहने के बजाय मुख्य होस्ट बताया और उन्हें अपना बड़ा भाई कहा। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारीज के संस्थापक ब्रह्मा बाबा (दादा लेखराज) को शिवबाबा का पहला साक्षात्कार और भविष्य के भारत का संदेश प्रयागराज में मिला था। इस वजह से संस्थान का उत्तर प्रदेश से विशेष जुड़ाव है।
उन्होंने राजनाथ सिंह के भाजपा अध्यक्ष रहते हुए प्रधानमंत्री के नाम की घोषणा किए जाने का भी जिक्र किया। साथ ही किसानों के हित में किए गए कार्यों की सराहना की। ‘जय जवान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश की स्थिति ऐसी है कि कोई भी भारत की ओर आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं कर सकता।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में ब्रह्माकुमारीज की लखनऊ सब-जोन इंचार्ज बीके राधा दीदी ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने राजनाथ सिंह, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, महापौर, विधायक अमरेश जी, आनंद द्विवेदी और भाजपा अध्यक्ष मुकेश शर्मा सहित अन्य अतिथियों का अभिनंदन किया।
राजनाथ सिंह के स्वागत में विशेष गीत प्रस्तुत किया गया। इसके बोल थे- ‘लखनऊ की शान हैं, जीवन राष्ट्र को अर्पण है… माननीय रक्षामंत्री जी आए, झूम रहा मन है।’ इसके अलावा सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति भी हुई।
दिव्य संस्कृति भवन में मिलेगा निशुल्क राजयोग प्रशिक्षण
बीके राधा दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज की स्थापना के 90 साल और लखनऊ में आध्यात्मिक सेवाओं के 72 साल पूरे होने पर नवदशकोत्सव मनाया जा रहा है। नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन में लोगों को निशुल्क राजयोग ध्यान का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। भविष्य में दो हजार लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाने की योजना है।
कार्यक्रम पूरा होने के बाद राजनाथ सिंह दिल्ली रवाना होंगे।
नवंबर में फिर लखनऊ आ सकते हैं राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह के 23 या 24 नवंबर को दोबारा लखनऊ आने की संभावना है। इस दौरान वह सौमित्र विहार योजना और डालीगंज फ्लाईओवर का शुभारंभ कर सकते हैं। बैकुंठधाम से लामार्टिनियर कॉलेज तक गोमती नदी पर करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले छह लेन के फ्लाईओवर का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
इसके अलावा फैजुल्लागंज में बंधे और बाढ़ पंपिंग स्टेशन का भूमि पूजन किया जाएगा। बसंतकुंज के 110 पीएम आवास के आवंटियों को चाबियां और आईटी सिटी के भूखंड मालिकों को आवंटन पत्र सौंपे जाने की भी योजना है। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी मौजूद रहने की संभावना है।
