Homeउत्तर प्रदेशमां पाटेश्वरी से अयोध्या तक का सफर होगा आसान, 191 करोड़ से...

मां पाटेश्वरी से अयोध्या तक का सफर होगा आसान, 191 करोड़ से चौड़ा होगा 38 किमी लंबा मार्ग

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

गोंडा। उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सड़क कनेक्टिविटी मजबूत की जा रही है। इसी क्रम में अब देवीपाटन मंडल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी के दरबार से अयोध्या में रामलला की जन्मभूमि तक पहुंचना आसान होगा।

इसके लिए रेहरा बाजार-मनकापुर-नवाबगंज मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। करीब 38 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 191 करोड़ 54 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

लोक निर्माण विभाग की इस परियोजना को शासन से मंजूरी मिल गई है। इसके तहत सड़क की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर की जाएगी। परियोजना के लिए शुरुआती चरण में करीब 47 करोड़ 88 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।

यह मार्ग रेहरा बाजार को अयोध्या से जोड़ने के साथ मनकापुर और तरबगंज तहसील क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण है। लंबे समय से स्थानीय लोग इसके चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे।

सड़क के रास्ते में आने वाले बिजली के ट्रांसफार्मर और खंभों को हटाने के लिए 6 करोड़ 72 लाख रुपये दिए गए हैं। वहीं, सड़क किनारे लगे पेड़ों की कटाई की अनुमति और संबंधित प्रक्रिया के लिए वन विभाग को 1 करोड़ 76 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।

श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत

मार्ग का निर्माण पूरा होने के बाद सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज और बलरामपुर के उतरौला सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को अयोध्या पहुंचने में सुविधा होगी। वे रेहरा बाजार, मनकापुर और नवाबगंज होते हुए सीधे अयोध्या धाम पहुंच सकेंगे। इससे मां पाटेश्वरी के दर्शन के बाद रामलला की जन्मभूमि तक की धार्मिक यात्रा भी आसान होगी।

लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह के मुताबिक, मार्ग चौड़ीकरण को स्वीकृति मिल चुकी है। निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को संकरी सड़क, जाम और आवागमन की परेशानियों से राहत मिलेगी।

इसके अलावा बभनान-दर्जीकुआं-मनकापुर मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 93.45 लाख रुपये और गुमड़ी-रेहरा-सादुल्लाहनगर मार्ग के लिए पांच करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए गए है

RELATED ARTICLES

Most Popular