Homeउत्तर प्रदेशबदायूं-मेरठ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, रोडवेज बस की टक्कर से डिलीवरी बॉय...

बदायूं-मेरठ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, रोडवेज बस की टक्कर से डिलीवरी बॉय की मौत

रिपोर्ट: अजयपाल यादव, बदायूं

बदायूं। बदायूं-मेरठ हाईवे पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई। जरीफनगर थाना क्षेत्र के उस्मानपुर पुल के पास कौशांबी डिपो की रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक बस के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसका सिर कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान पुष्पेंद्र (पुत्र विजेंद्र यादव) निवासी गांव समसपुर कूवरी के रूप में हुई है। वह डिलीवरी बॉय का काम करता था। शुक्रवार सुबह वह डिलीवरी लेकर जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि बदायूं-मेरठ हाईवे पर इन दिनों सड़क के रखरखाव का काम चल रहा है। इसके चलते एक तरफ से ही वाहनों की आवाजाही हो रही है। इसी दौरान रोडवेज बस की चपेट में आने से पुष्पेंद्र की जान चली गई।

हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुष्पेंद्र अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। उसके परिवार में डेढ़ महीने का एक मासूम बेटा भी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलने पर डायल 112 और जरीफनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular