रिपोर्ट – ज्ञानेंद्र कुमार तिवारी
लखीमपुर खीरी में छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने शहर के सेठघाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट की साफ-सफाई, पूजन स्थल, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को परखा
। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व से पहले सभी व्यवस्थाओं की दोबारा जांच कर लें, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने छठ पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष और संरक्षक से भी बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर जिम्मेदारी से काम करें। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
उल्ल नदी में नाव से निगरानी करेगी वन विभाग की टीम
छठ पूजा के दौरान उल्ल नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। वन विभाग की टीम नाव के जरिए नदी में निगरानी करेगी।
इस दौरान मगरमच्छ और अन्य जलीय जीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में सूर्य उपासना और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर सकें।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में पूरी सतर्कता बरतने और सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलवा राजू आर, बीडीओ संदीप कुमार, नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
