रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। विधानसभा चुनाव की बढ़ती सरगर्मियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को राजधानी लखनऊ आएंगे। इस दौरान वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षा समारोह में देशभर के आईटीआई के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं।
कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय की ओर से हर साल देशभर के आईटीआई के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है। प्रधानमंत्री की पहल पर शुरू हुआ यह आयोजन अब तक दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होता रहा है। पहली बार इस समारोह का आयोजन दिल्ली से बाहर लखनऊ में किया जा रहा है।
देशभर के 64 टॉपर विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले इस समारोह में 40 ट्रेड और छह जोन के करीब 64 टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें उत्तर प्रदेश के छह विद्यार्थी भी शामिल हैं। कार्यक्रम में देशभर के आईटीआई से जुड़े करीब 1500 विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
सुरक्षा एजेंसियों ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। शुक्रवार को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लिया गया। समारोह को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
