रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार शाम एक बेहद दुखद घटना सामने आई। यहां एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ ट्रेन की चपेट में आकर जान गंवा दी। मृतकों की पहचान गांधी नगर निवासी किरण देवी पाल और उनकी बेटियों कनिष्का (7), अनुष्का (7) और काव्या (5) के रूप में हुई है। कनिष्का और अनुष्का जुड़वा बहनें थीं। घटना के समय महिला की 12 वर्षीय बड़ी बेटी रिया अपने पिता के साथ बाजार गई हुई थी।
रेलवे ट्रैक पर पहुंची महिला और तीनों बेटियां
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर वार्ड के पास लखनऊ-गोंडा रेलवे ट्रैक की है। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे जम्मूतवी एक्सप्रेस बाराबंकी स्टेशन से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान किरण अपनी तीनों बेटियों के साथ रेलवे ट्रैक पर पहुंच गईं। ट्रेन की चपेट में आने से चारों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लंबे समय से बीमार थीं किरण
परिजनों के मुताबिक, किरण लंबे समय से कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। अगस्त में उनकी बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था। इसके अलावा उन्हें पथरी की समस्या थी और आंखों में भी परेशानी थी। सुनने में दिक्कत होने के कारण उनके कान में मशीन लगी हुई थी। लगातार इलाज पर खर्च होने से परिवार की आर्थिक स्थिति पर भी दबाव पड़ रहा था।
पति रामतेज पाल ने पुलिस को बताया कि किरण पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं। वह कई बार अपनी जान देने की बात कहती थीं। परिवार के लोग उन्हें समझाते थे कि इलाज से उनकी तबीयत ठीक हो जाएगी और बच्चों के भविष्य की चिंता करने की जरूरत नहीं है। समझाने पर वह ऐसा कदम न उठाने का भरोसा भी देती थीं।
बाजार से लौटने पर मिली हादसे की सूचना
किरण की बड़ी बेटी रिया ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह अपने पिता के साथ सर्दियों के कपड़े खरीदने बाजार गई थी। उस समय मां तीनों छोटी बहनों के साथ घर पर थीं। शाम करीब 6:40 बजे जब वह पिता के साथ घर लौट रही थी, तभी एक व्यक्ति ने मोबाइल पर हादसे में मारे गए लोगों की तस्वीर दिखाई। तस्वीर देखकर रिया ने अपनी मां और बहनों की पहचान की।
20 साल पहले हुई थी शादी
रामतेज पाल वन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। उनकी तैनाती कानपुर में है, जबकि फिलहाल उनकी ड्यूटी लखनऊ में लगी हुई थी। वह रोजाना आना-जाना करते थे। परिजनों के मुताबिक, उनकी शादी करीब 20 साल पहले बहराइच जिले के बौंडी क्षेत्र की रहने वाली किरण से हुई थी।
पति ने बताया कि किरण को चार बेटियों को लेकर कोई परेशानी नहीं थी। वह लगातार बीमारी के इलाज पर हो रहे खर्च और बच्चों की पढ़ाई व भविष्य को लेकर चिंतित रहती थीं। उन्हें आशंका थी कि इलाज में परिवार की जमा पूंजी खर्च हो जाएगी।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिवार में किसी विवाद की बात सामने नहीं आई है। जीआरपी, स्थानीय पुलिस और रेलवे अधिकारियों की टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
