लखनऊ। लखनऊ नगर निगम की एकमुश्त समाधान योजना (OTS) को करदाताओं का अच्छा प्रतिसाद मिला। 15 अगस्त से 14 नवंबर 2026 तक चली योजना के दौरान नगर निगम को कुल 24,920 आवेदन प्राप्त हुए।
इनमें से 10,640 करदाताओं ने बकाया गृहकर जमा किया, जिससे नगर निगम को 24 करोड़ 82 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं, करदाताओं को कुल 10 करोड़ 31 लाख रुपये की ब्याज छूट का लाभ मिला।
अंतिम दिन भी आए 1,144 आवेदन
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय ने बताया कि योजना के अंतिम दिन 14 नवंबर को भी करदाताओं ने बड़ी संख्या में आवेदन किए। एक दिन में कुल 1,144 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 431 आवेदन स्वीकृत, 699 आवेदन प्रक्रिया में और 14 आवेदन निरस्त किए गए। अंतिम दिन 210 करदाताओं ने भुगतान किया, जिससे नगर निगम को 35 लाख 63 हजार रुपये प्राप्त हुए।
15 दिसंबर तक जमा कर सकेंगे स्वीकृत आवेदन की राशि
अधिकारी के मुताबिक योजना की पूरी अवधि में प्राप्त 24,920 आवेदनों में से 249 आवेदन निरस्त हुए हैं। जिन करदाताओं ने निर्धारित अवधि में आवेदन किया था और उनके आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन अभी तक भुगतान नहीं किया है, उन्हें 15 दिसंबर 2026 तक राशि जमा करने का अवसर दिया गया है। यह सुविधा निरस्त आवेदनों पर लागू नहीं होगी
अब बकाया गृहकर पर नहीं मिलेगी ब्याज छूट
OTS योजना की निर्धारित अवधि 14 नवंबर को समाप्त हो चुकी है। इसके बाद जमा होने वाले बकाया गृहकर पर योजना के तहत ब्याज में छूट नहीं मिलेगी। नगर निगम अब नियमानुसार बकाया गृहकर की वसूली की कार्रवाई करेगा।
