रिपोर्ट: अमित शर्मा | आगरा
आगरा के पिनाहट क्षेत्र में बिना मान्यता संचालित स्कूल की शिकायत करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने से नाराज दबंग स्कूल संचालक ने जांच अधिकारी के सामने ही शिकायतकर्ता पर हमला कर दिया। आरोप है कि संचालक ने मारपीट कर ग्रामीण का सिर फोड़ दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामला थाना पिढ़ौरा क्षेत्र के अंतर्गत वरपुरा छूट में संचालित न्यू होली पब्लिक स्कूल का है। ग्रामीण ने स्कूल के बिना मान्यता अवैध रूप से संचालित होने की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। शिकायत के आधार पर खंड शिक्षा अधिकारी पिनाहट महेश चंद पटेल जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे।
जांच के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की व्यवस्थाओं और मान्यता से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की। बताया गया कि स्कूल संचालक कोचिंग की आड़ में 12वीं कक्षा तक की कक्षाएं संचालित कर रहा था। जांच अधिकारी ने विद्यालय को बिना मान्यता और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित माना।
इसी दौरान शिकायतकर्ता और स्कूल संचालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि दबंग संचालक ने जांच अधिकारी की मौजूदगी में ही शिकायतकर्ता पर हमला कर दिया और मारपीट कर उसका सिर फोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
खंड शिक्षा अधिकारी महेश चंद पटेल ने अवैध रूप से संचालित स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।
