Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, जीते पांच...

लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, जीते पांच गोल्ड मेडल; बनाए दो नए रिकॉर्ड

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता का लोहा मनवाया है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित 70वीं स्कूल नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लखनऊ के गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक हासिल किए। खास बात यह रही कि खिलाड़ियों ने दो नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाए। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल कॉलेज बल्कि पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने कुल 61 अंक हासिल कर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

समीर खान ने दो स्पर्धाओं में जीते स्वर्ण पदक

12 से 16 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज के नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। लंबी कूद में अरमान खान ने 7.18 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं समीर खान ने अपनी शानदार दौड़ का प्रदर्शन करते हुए 800 मीटर और 1500 मीटर स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया। इस तरह समीर ने दो स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी खास पहचान बनाई।

दो रिले स्पर्धाओं में बनाए राष्ट्रीय रिकॉर्ड

रिले स्पर्धाओं में भी स्पोर्ट्स कॉलेज के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। 4×100 मीटर रिले में शौर्यवीर सिंह, कृष्णम तोमर, गौरव यादव और मयंक बहादुर की टीम ने स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।

इसके अलावा 4×400 मीटर रिले में शौर्यवीर सिंह, समीर खान, अनुज अनस और मयंक बहादुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में भी खिलाड़ियों ने नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया। दोनों रिले स्पर्धाओं में रिकॉर्ड बनाने के साथ कॉलेज के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और टीमवर्क का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए थे 17 खिलाड़ी

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर स्पोर्ट्स कॉलेज के कुल 17 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हुआ था। इनमें से नौ खिलाड़ियों ने अंडर-17 बालक वर्ग में प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने मेहनत, अनुशासन और खेल कौशल के दम पर पांच स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया।

प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को दी बधाई

स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें और प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पांच स्वर्ण पदक जीतना, दो नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित करना और उत्तर प्रदेश की टीम का 61 अंकों के साथ चैंपियन बनना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ एथलेटिक्स प्रशिक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह और विमल प्रताप राय के कुशल मार्गदर्शन को दिया। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि से गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है।

RELATED ARTICLES

Most Popular