Homeउत्तर प्रदेशदिल्ली के शहजादे के सामने लखनऊ के नवाब ने किया सरेंडर’, ओम...

दिल्ली के शहजादे के सामने लखनऊ के नवाब ने किया सरेंडर’, ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में 111 सीटें जीतने वाली समाजवादी पार्टी आज कांग्रेस के सामने कमजोर दिखाई दे रही है।

राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अपने पिता और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव पर लिखी गई किताब के प्रचार-प्रसार के लिए समय नहीं मिलता, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बुलावे पर वह तुरंत पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव ने खड़ा किया, उसकी कमान संभालने के बाद अखिलेश यादव ने पार्टी को कमजोर कर दिया।

‘दिल्ली के शहजादे के सामने लखनऊ के नवाब ने किया सरेंडर’

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘दिल्ली के शहजादे के सामने लखनऊ के नवाब ने सरेंडर कर दिया है।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव को अपनी राजनीतिक स्थिति और पार्टी के हितों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपने दम पर मजबूत तरीके से चुनाव लड़ने की जरूरत है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सपा ने 2022 में 111 सीटें जीती थीं तो कांग्रेस के साथ गठबंधन करके पार्टी को दोबारा पुराने आंकड़े यानी 47 सीटों तक पहुंचाने की कोशिश क्यों की जा रही है।

‘भई गति सांप-छछुंदर जैसी’

सपा-कांग्रेस के रिश्ते पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि दोनों दलों की स्थिति ‘सांप-छछुंदर जैसी’ हो गई है। उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर वह इतनी मजबूरी में क्यों दिखाई दे रहे हैं।

राजभर ने कहा कि चुनाव में राजनीतिक दलों को अपनी ताकत के आधार पर मैदान में उतरना चाहिए और जनता के बीच अपना स्पष्ट एजेंडा रखना चाहिए। उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी यदि मजबूत तरीके से चुनाव लड़ती है तो प्रदेश की राजनीति में मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।

‘मुलायम की बात नहीं मानी, अब चाचा की आत्मकथा का डर’

राजभर ने अखिलेश यादव के पारिवारिक और राजनीतिक संबंधों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि अगर शिवपाल यादव ने अपनी राजनीतिक जिंदगी पर आत्मकथा लिख दी तो अखिलेश यादव की भूमिका पर भी सवाल खड़े होंगे।

उन्होंने इसकी तुलना मुगल शासक औरंगजेब से करते हुए कहा कि सत्ता के लिए परिवार के बुजुर्गों और अपनों को किनारे करने की राजनीति की गई तो इतिहास में उसकी चर्चा होती है। राजभर ने 2017 के सपा-कांग्रेस गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी अखिलेश यादव ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बात नहीं मानी थी।

‘अखिलेश को आत्ममंथन करने की जरूरत’

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए कहा कि उन्हें यह देखना चाहिए कि कांग्रेस के साथ गठबंधन से समाजवादी पार्टी को वास्तव में कितना राजनीतिक लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि सपा को अपनी जमीन मजबूत करने के लिए स्वतंत्र रूप से राजनीतिक रणनीति तैयार करनी चाहिए।

राजभर के इस बयान के बाद यूपी की सियासत में सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर बयानबाजी तेज होने के आसार हैं। उनके हमले ने एक बार फिर विपक्षी गठबंधन के भीतर सीटों और नेतृत्व को लेकर चल रही राजनीतिक खींचतान को चर्चा में ला दिया है।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular