रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को लखनऊ आगमन को लेकर राजधानी में तैयारियां तेज हो गई हैं। पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह-2026 में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए अमौसी एयरपोर्ट से लेकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक के मार्ग को आकर्षक लाइटों और रंगीन सजावट से सजाया जा रहा है। सड़क किनारे की दीवारों पर आकर्षक चित्र बनाए गए हैं, जबकि निर्माणाधीन भवनों को ग्रीन शीट से ढक दिया गया है। पूरे मार्ग पर हरियाली और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम शाम को करीब डेढ़ घंटे का प्रस्तावित है। उनके आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक, आवश्यकतानुसार, छोटे वाहनों, बसों, भारी और व्यावसायिक वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। डीसीपी ट्रैफिक अनिल यादव ने बताया कि यातायात संबंधी जानकारी या समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास इन रास्तों पर प्रतिबंध
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर आने वाले कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। डिगडिगा (लोहिया पार्क) चौराहे से आने वाले वाहन गोमतीनगर नए ओवरब्रिज पर नहीं जा सकेंगे। लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निर्माण निगम कार्यालय तिराहे से प्रतिष्ठान की ओर भी आवागमन बंद रहेगा। पिकप ओवरब्रिज के ऊपर दोराहे, कठौता चौराहे से विजयीपुर अंडरपास और बैंक ऑफ इंडिया तिराहे से प्रतिष्ठान की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा समिट बिल्डिंग तिराहे से विजयीपुर शहीद पथ अंडरपास के बीच सर्विस रोड और न्यू हाईकोर्ट मोड़ से प्रतिष्ठान चौराहे तक भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
वैकल्पिक रास्ते: इन मार्गों के वाहनों को पिकप तिराहा और पालीटेक्निक चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। कठौता की तरफ से आने वाले वाहन चिनहट तिराहा, हनीमैन या हुसेड़िया चौराहे से निकल सकेंगे। विजयीपुर अंडरपास से आने वाले वाहनों को कमता तिराहा और हुसेड़िया की ओर भेजा जाएगा। कुछ मार्गों पर पुलिस इन्क्लेव और गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का रास्ता भी विकल्प रहेगा।
कमता और पालीटेक्निक चौराहे पर भी बदलेगा ट्रैफिक
कमता शहीद पथ तिराहे से विराज टावर होकर विजयीपुर अंडरपास तक सर्विस रोड पर यातायात बंद रहेगा। कमता शहीद पथ तिराहे से शहीद पथ पर भी वाहन नहीं जा सकेंगे। पालीटेक्निक से लोहिया पथ होकर हजरतगंज जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
अयोध्या और बाराबंकी की ओर से इंदिरा नहर पुल के रास्ते कमता तिराहे की तरफ बसों, व्यावसायिक और भारी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
वैकल्पिक रास्ते: इन वाहनों को पालीटेक्निक, चिनहट तिराहा या कठौता की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हजरतगंज जाने वाले वाहन भूतनाथ, बादशाहनगर और निशातगंज होकर निकल सकेंगे। समतामूलक चौराहे से पेपर मिल कॉलोनी, गोमती बैराज पुल और 1090 चौराहे से बालू अड्डा व बटलर रोड का रास्ता भी खुला रहेगा। इंदिरा नहर पुल से आने वाले वाहनों को किसान पथ की ओर भेजा जाएगा।
शहीद पथ के प्रमुख कटों पर भी रहेगी रोक
प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर शहीद पथ पर कई प्रमुख कट और अंडरपास बंद रहेंगे। अय्यपा अंडरपास, हुसेड़िया (जीवन प्लाजा) अंडरपास, मलेशेमऊ अंडरपास और सीएमएस गोमतीनगर विस्तार तिराहे से शहीद पथ पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
नीलमथा अंडरपास, जीडी गोयनका, लुलु मॉल, मेदांता अंडरपास और अंसल की ओर से भी शहीद पथ पर वाहन नहीं जा सकेंगे। पुलिस मुख्यालय तिराहे से जी-20 तिराहे की ओर और बिजनौर थाना चौराहे से शहीद पथ पर भी रोक रहेगी। तेलीबाग से शहीद पथ की तरफ जाने वाले वाहनों को भी डायवर्ट किया जाएगा।
वैकल्पिक रास्ते: वाहन हुसेड़िया अंडरपास, हनीमैन चौराहा, ग्वारी चौराहा, दयाल पैराडाइज, डीपीएस कट, पिपराघाट और जनेश्वर मिश्र पार्क के रास्ते जा सकेंगे। वृंदावन योजना की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अवध शिल्प ग्राम के सामने से रेलवे ओवरब्रिज और पासी चौराहे का रास्ता तय किया गया है। सेक्टर-8 अंडरपास से आने वाले वाहन सेक्टर-10 पुलिस चौकी और सेक्टर-12 नहर पुल चौराहे से निकलेंगे।
कानपुर रोड से आने वाले भारी वाहन किसान पथ से जाएंगे
कानपुर और उन्नाव की ओर से आने वाली बसों, व्यावसायिक और भारी वाहनों को शहीद पथ पर जाने की अनुमति नहीं होगी। अमौसी वीआईपी मोड़ से लक्ष्मण चौक और न्यू गड़ौरा ओवरब्रिज होकर शहीद पथ जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी।
शहीद पथ मोड़ कानपुर रोड तिराहा, स्कूटर इंडिया चौराहा और नादरगंज तिराहे से व्यावसायिक व भारी वाहन शहीद पथ पर नहीं जा सकेंगे। जगुआर कट और आरटीओ मोड़ से भी शहीद पथ पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
वैकल्पिक रास्ते: इन वाहनों को दरोगाखेड़ा किसान पथ अंडरपास होकर किसान पथ से भेजा जाएगा। कुछ वाहनों के लिए शहीद पथ मोड़ कानपुर रोड तिराहा, नादरगंज तिराहा, बाराबिरवा, पुरानी चुंगी और पिकडिली के रास्ते निर्धारित किए गए हैं।
अहिमामऊ और पीजीआई क्षेत्र में भी डायवर्जन
सुल्तानपुर रोड और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर से आने वाले वाहनों, बसों और भारी व व्यावसायिक वाहनों को कबीरपुर किसान पथ अंडरपास (जलसा रिसॉर्ट) से अहिमामऊ अंडरपास चौराहे की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। खुर्दही बाजार और एचसीएल तिराहे से भी अहिमामऊ होकर शहीद पथ पर वाहन नहीं जा सकेंगे।
रायबरेली मार्ग से हरीकंशगढ़ी किसान पथ अंडरपास होकर पीजीआई तिराहा और उतरेठिया अंडरपास की ओर भी बसों, भारी और व्यावसायिक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पासी किला चौराहे से शहीद पथ पर जाने पर भी रोक रहेगी।
वैकल्पिक रास्ते: इन वाहनों को जलसा रिसॉर्ट के सामने से किसान पथ की ओर भेजा जाएगा। खुर्दही बाजार की तरफ से आने वाले वाहन अमूल पराग डेयरी कट से बाएं मुड़कर अंसल होकर निकलेंगे। एचसीएल तिराहे से आने वाले वाहन सीएमएस कट सुल्तानपुर रोड से पाकेट नंबर छह और अंसल की ओर जा सकेंगे। पीजीआई क्षेत्र के वाहनों को किसान पथ से निकाला जाएगा, जबकि पासी किला चौराहे से आने वाले वाहन पावर हाउस चौराहा या सरौसा तिराहे का रास्ता अपनाएंगे।
ट्रैफिक हेल्पलाइन पर कर सकते हैं संपर्क
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 21 नवंबर को घर से निकलने से पहले निर्धारित डायवर्जन का ध्यान रखें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। किसी भी तरह की यातायात संबंधी परेशानी या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
