HomeUncategorizedयूपी में फिर बनेगी भाजपा की सरकार, सीएम योगी बोले- हैट्रिक के...

यूपी में फिर बनेगी भाजपा की सरकार, सीएम योगी बोले- हैट्रिक के साथ नया रिकॉर्ड भी बनाएंगे

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा केवल जीत की हैट्रिक नहीं लगाएगी, बल्कि प्रदेश की राजनीति में नया रिकॉर्ड भी कायम करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के आधार पर पार्टी जनता के बीच जाएगी और जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेगी।

‘राइजिंग भारत समिट’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ उत्तर प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत, बल्कि प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि इसे लेकर किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।

भाजपा बनाएगी नया रिकॉर्ड

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की बदली हुई पहचान और विकास को लेकर जिस व्यक्ति को भी गौरव की अनुभूति होती है, वह भाजपा सरकार को तीसरी बार मौका देगा। उन्होंने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच वर्ष मुख्यमंत्री रहने के बाद दोबारा चुनाव जीता और फिर पांच वर्ष तक लगातार सरकार चलाई।

योगी ने कहा कि भाजपा पहले भी कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और आने वाले चुनाव में पार्टी एक नया रिकॉर्ड कायम करेगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि संगठन की ताकत और सरकार की उपलब्धियां चुनाव में पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी होंगी।

दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा

मुख्यमंत्री ने भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बताते हुए कहा कि यह करोड़ों कार्यकर्ताओं के कैडर वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी एक परिवार का नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के मूल्यों, सिद्धांतों और आदर्शों का महत्व है।

विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि जिस तरह का सुशासन उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रहा है, क्या इंडी गठबंधन या समाजवादी पार्टी की सरकार में ऐसा वातावरण देखने को मिल सकता था।

सुरक्षा और सुशासन को लेकर सरकार का दावा

सीएम योगी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं के प्रयासों से उत्तर प्रदेश को सुरक्षित बनाने का लक्ष्य पूरा हुआ है। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य प्रदेश में भयमुक्त वातावरण कायम करना और प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी एक मिशन और एक दिशा में काम करते हैं, तभी प्रदेश में सुरक्षा और सुशासन का वातावरण बनता है।

सपा-कांग्रेस के शासन पर योगी का हमला

मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में अराजकता, जंगलराज और गुंडाराज का बोलबाला था। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना, तहसील और जिला स्तर तक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश की गई।

योगी ने कहा कि कर्फ्यू, दंगा, लूट-खसोट और खराब कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा अपने सहयोगियों के साथ चुनाव मैदान में जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता पुराने शासन और मौजूदा सरकार के कार्यकाल के बीच अंतर को अच्छी तरह समझती है।

परिवारवाद और जातिवाद पर भी साधा निशाना

80-20 के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अपनी उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारवाद, जातिवाद और विभाजनकारी राजनीति ने उत्तर प्रदेश को लंबे समय तक पीछे रखा।

योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते थे, व्यापारियों को रंगदारी का सामना करना पड़ता था और युवाओं की नौकरियों में भी भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती थीं। उनके मुताबिक उस दौर में कर्फ्यू और दंगे उत्तर प्रदेश की पहचान बन गए थे।

उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय योजनाओं और राजनीतिक व्यवस्था में परिवार का वर्चस्व दिखाई देता था।

राजनीति के अपराधीकरण को लेकर सपा पर हमला

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आमतौर पर ‘अपराधियों का राजनीतिकरण’ शब्द सुनने को मिलता है, लेकिन समाजवादी पार्टी के दौर में राजनीति के ही अपराधीकरण की पहचान बन गई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ जैसी स्थिति बन गई थी और थानों पर भी प्रभावशाली लोगों का दबाव रहता था। भर्ती आयोगों की कार्यप्रणाली को लेकर भी उन्होंने पिछली सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

योगी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पात्रता और पारदर्शिता से समझौता किया गया तथा ऐसे लोगों को भी नियुक्ति पत्र देने के आरोप लगे, जिन्होंने परीक्षा तक नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और युवाओं को निष्पक्ष अवसर देने का काम किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular