Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में NSG और यूपी पुलिस की संयुक्त मॉक ड्रिल, 12 मंजिला...

लखनऊ में NSG और यूपी पुलिस की संयुक्त मॉक ड्रिल, 12 मंजिला इमारत में आतंकियों से मुठभेड़ का अभ्यास

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार को NSG और यूपी पुलिस ने संयुक्त रूप से आतंकवादी हमले से निपटने के लिए मॉक ड्रिल की। इस दौरान 12 मंजिला इमारत में आतंकियों के घुसने और लोगों को बंधक बनाने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई, हेलीकॉप्टर से NSG कमांडो की एंट्री और आतंकियों को मार गिराने के अभ्यास ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। यह पूरी कार्रवाई सुरक्षा बलों की तैयारियों को परखने के लिए की गई थी।

इस संयुक्त प्रशिक्षण की शुरुआत पुलिस लाइंस में हुई, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान NSG के डॉग जॉनी ने फूल देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। जॉनी के इस खास अंदाज ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

12 मंजिला इमारत में घुसे 8 से 10 आतंकी

मॉक ड्रिल के दौरान 12 मंजिला इमारत के बी ब्लॉक में 8 से 10 आतंकियों के घुसने और लोगों को बंधक बनाने की स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी को मार गिराने का अभ्यास किया।

इसके बाद NSG की विशेष टीम हेलीकॉप्टर के जरिए घटनास्थल पर पहुंची। कमांडो ने इमारत में घुसे आतंकियों के खिलाफ अभियान शुरू किया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने सभी आतंकियों को मार गिराने और पूरे परिसर को सुरक्षित करने का अभ्यास किया।

बंधकों को सुरक्षित निकालने का भी हुआ अभ्यास

इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आतंकी हमले, बंधक बनाए जाने और बड़े संस्थानों में सुरक्षा संकट जैसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करना है। NSG विशेषज्ञों ने यूपी पुलिस के अधिकारियों और जवानों को आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई, बंधकों की सुरक्षित निकासी और संयुक्त ऑपरेशन के दौरान बेहतर तालमेल का प्रशिक्षण दिया।

इस अभ्यास के जरिए पुलिस और विशेष सुरक्षा बलों की ऑपरेशनल क्षमता, आपसी समन्वय और संकट के समय प्रतिक्रिया देने की तैयारी को भी परखा गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular