Homeउत्तर प्रदेशरानी लक्ष्मीबाई की 198वीं जयंती पर कृषि विश्वविद्यालय में भव्य आयोजन, महिला...

रानी लक्ष्मीबाई की 198वीं जयंती पर कृषि विश्वविद्यालय में भव्य आयोजन, महिला श्रमिकों और छात्राओं का हुआ सम्मान

रिपोर्ट: बालेन्द्र गुप्ता

झांसी। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की 198वीं जयंती के अवसर पर रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में गुरुवार को श्रद्धा और देशभक्ति के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह सहित अधिकारियों, वैज्ञानिकों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का साहस, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति आज भी महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उनके जीवन से प्रेरणा लेकर महिलाओं और युवाओं को शिक्षा, कृषि, अनुसंधान, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

 महिला श्रमिकों और प्रतिभावान छात्राओं का सम्मान

जयंती समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की महिला श्रमिकों, महिला किसानों और उनकी बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही छात्राओं के लिए कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में सुहानी कुमारी ने प्रथम, आनंदी वार्ष्णेय ने द्वितीय और हर्षिता रानी ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता छात्राओं को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

वहीं, महिला श्रमिकों को स्वच्छता एवं हाइजीन किट वितरित की गईं, जबकि बालिकाओं को पढ़ाई के लिए स्टेशनरी प्रदान की गई। इस पहल के जरिए महिला श्रमिकों और उनके परिवारों को प्रोत्साहित किया गया।

 दीपोत्सव के साथ हुआ समारोह का समापन

कार्यक्रम का समापन रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थल पर भव्य दीपोत्सव के साथ हुआ। विश्वविद्यालय परिसर में दीप जलाकर वीरांगना के शौर्य और बलिदान को याद किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular