रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र तिवारी
लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर थाना क्षेत्र में हुई हरेन्द्र की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी अनीता देवी और उसके प्रेमी गुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया है
पुलिस के मुताबिक, अनीता देवी और गुरजीत सिंह के बीच पिछले करीब छह वर्षों से प्रेम संबंध थे। हरेन्द्र उनके रिश्ते का विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची। आरोप है कि 17 नवंबर की रात दोनों ने हरेन्द्र को खेत की ओर बुलाया और उसकी हत्या कर दी।
एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में संपूर्णानगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 नवंबर को बहादुरनगर तिराहे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का बांका और पाइप बरामद किया है। इसके अलावा घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े और जूते भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
