Homeउत्तर प्रदेशविधायक निधि से 1.50 करोड़ रुपये से संवरेगा दमेले खेल मैदान, 1782...

विधायक निधि से 1.50 करोड़ रुपये से संवरेगा दमेले खेल मैदान, 1782 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रिपोर्ट: बालेंद्र गुप्ता

झांसी। ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मऊरानीपुर में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में दो दिवसीय विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 29 विद्यालयों के 1782 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मऊरानीपुर विधायक डॉ. रश्मि आर्य, विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी मनोज कुमार भारती और जिला युवा कल्याण अधिकारी शिवराम सिंह ने परेड की सलामी लेकर, गुब्बारे उड़ाकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. रश्मि आर्य ने कहा कि क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी दिशा में विधायक निधि से श्री लक्ष्मणदास दमेले खेल मैदान का 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से सुंदरीकरण कराया जा रहा है।

इससे खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि मऊरानीपुर के खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करें, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए नारा दिया- खेलेगा मऊरानीपुर, तभी तो जीतेगा मऊरानीपुर।

एसडीएम मनोज कुमार भारती ने कहा कि खेलों से शरीर स्वस्थ और मजबूत रहता है। वर्तमान समय में खेल युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध करा रहे हैं। वहीं जिला युवा कल्याण अधिकारी शिवराम सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाकर प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।

1782 खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा

खेल स्पर्धा में 29 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने दौड़, वॉलीबॉल, कबड्डी, गोला फेंक, ऊंची कूद और लंबी कूद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। सब जूनियर बालिका वर्ग की 100 और 800 मीटर दौड़ में नैंसी श्रीवास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालक वर्ग में राज सहरिया ने बाजी मारी।

सीनियर बालक वॉलीबॉल में स्पोर्ट्स क्लब मऊरानीपुर की टीम विजेता रही, जबकि सीनियर बालिका वर्ग में जीआईसी रानीपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। सब जूनियर और जूनियर बालिका वॉलीबॉल में नेशनल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल विजेता तथा कंपोजिट विद्यालय धवाकर उपविजेता रहा।

कबड्डी बालिका वर्ग में जीआईसी मऊरानीपुर ने विजेता का खिताब जीता, जबकि नेशनल एकेडमी की टीम उपविजेता रही। बालक वर्ग में राजा भैया स्कूल कॉलेज की टीम विजेता बनी। वहीं जूनियर बालक वर्ग में लठवारा विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अन्य प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विधायक डॉ. रश्मि आर्य ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को शील्ड, मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्पर्धा के अगले दिन ध्यानचंद स्टेडियम में कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। चयनित खिलाड़ी सांसद खेल स्पर्धा झांसी में प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रम का संचालन अनुदेशक संघ के जिला अध्यक्ष हिरदेश ककवारा ने किया। अंत में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी मऊरानीपुर सर्वेश कुमार ने अतिथियों, खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, निर्णायक मंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और प्रांतीय रक्षक दल के जवान मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular