HomeUncategorized15 दिन में अयोध्या पहुंचे एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु, कार्तिक माह...

15 दिन में अयोध्या पहुंचे एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु, कार्तिक माह में टूटा रिकॉर्ड

।रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

कार्तिक माह में रामनगरी अयोध्या में आस्था का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। बीते 15 दिनों में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का दावा किया गया है।

दीपोत्सव, चौदह कोसी परिक्रमा, पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान अयोध्या भक्तिमय माहौल में डूबी रही। रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के साथ श्रद्धालुओं ने गुप्तारघाट, सूर्यकुंड और भरतकुंड के भी दर्शन किए।

दीपोत्सव से कार्तिक पूर्णिमा तक उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दीपोत्सव के दौरान करीब 10 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। वहीं, चौदह कोसी परिक्रमा में लगभग 30 लाख और पंचकोसी परिक्रमा में करीब 50 लाख श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भी लगभग 35 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान राम मंदिर और हनुमानगढ़ी के अलावा दूसरे धार्मिक स्थलों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

योगी सरकार के विकास कार्यों से बढ़ीं सुविधाएं

रामनगरी में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच योगी सरकार की ओर से कराए गए विकास कार्यों का असर भी देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, आधुनिक रेलवे स्टेशन, चौड़ी सड़कें, पार्किंग, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई ने श्रद्धालुओं की यात्रा को सुविधाजनक बनाया। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिली है।

15 दिनों में कारोबार ने बनाया नया रिकॉर्ड

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का असर स्थानीय कारोबार पर भी दिखाई दिया। हनुमानगढ़ी के पास फूल-माला और प्रसाद की दुकान चलाने वाले रामप्रकाश शर्मा के मुताबिक, दीपोत्सव से कार्तिक पूर्णिमा तक सुबह से रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। उन्होंने बताया कि इन 15 दिनों में उतना कारोबार हुआ, जितना पहले पूरे साल में होता था।

वहीं, रामकोट क्षेत्र के व्यापारी अजय कुमार ने बताया कि मंदिर के साथ सूर्यकुंड और गुप्तारघाट में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। इससे व्यापार पहले के मुकाबले दोगुना-तिगुना हुआ है।

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिला बढ़ावा

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से होटल, रेस्तरां, ऑटो-रिक्शा और पूजा सामग्री के कारोबार को भी फायदा पहुंचा। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बेहतर सड़क, रोशनी, पार्किंग और साफ-सफाई की व्यवस्था से अयोध्या आने वाले पर्यटकों को सहूलियत मिल रही है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को दी गई प्राथमिकता: डीएम

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि दीपोत्सव, परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात की समुचित व्यवस्था की गई। विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से सभी आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular