रिपोर्ट: अमित शर्मा, आगरा
आगरा। शहर में अवैध धार्मिक स्थलों और अतिक्रमण का मामला एक बार फिर गरमा गया है। जयपुर हाउस स्थित भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय के बाहर सड़क पर बनी मजार को हटाने की मांग उठी है। योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष एवं हिंदूवादी नेता कुंवर अजय तोमर ने इस संबंध में जिला प्रशासन, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नोटिस भेजा है।
कुंवर अजय तोमर ने आरोप लगाया है कि मजार का निर्माण सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करके किया गया है। उन्होंने सीपीसी की धारा 80 के तहत आगरा के जिलाधिकारी, नगर निगम के नगर आयुक्त और पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता को नोटिस भेजकर 60 दिनों के भीतर कार्रवाई की मांग की है।
तोमर का कहना है कि प्रदेश सरकार लगातार अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। ऐसे में सड़क पर बनी इस मजार को भी हटाया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मजार के कारण सड़क पर आवागमन बाधित होता है। इसे हटाने से सड़क चौड़ी होगी और लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए सरकारी जमीन, सड़क, फुटपाथ और पार्कों में बने धार्मिक स्थलों को हटाने की मांग की। साथ ही आगरा में सरकारी जमीनों पर कथित रूप से बनी अवैध मस्जिदों, मदरसों, मजारों और दरगाहों के खिलाफ अपनी मुहिम जारी रखने की बात कही।

27 धार्मिक स्थलों को हटाने के मामले में आज सुनवाई
इसी बीच आगरा के टेढ़ी बगिया क्षेत्र में सड़क के बीच बनी रहमानी मस्जिद समेत 27 कथित अवैध मस्जिदों, मजारों और दरगाहों को हटाने की मांग से जुड़े मामले में भी आज अदालत में सुनवाई होनी है। विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम मृदुल दुबे की अदालत में यह मामला विचाराधीन है।
योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष और ताजमहल-तेजोमहालय मामले के पक्षकार कुंवर अजय तोमर ने अपने अधिवक्ता शिव आधार सिंह तोमर के माध्यम से 14 जुलाई 2026 को यह वाद दायर किया था। मामले का वाद संख्या 819/26 है।
इस वाद में आगरा के जिलाधिकारी, नगर निगम के नगर आयुक्त, पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता और छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी संपदा अधिकारी को प्रतिवादी बनाया गया है।
पहले भी सड़क पर बनी मजार हटाने के लिए दाखिल किया था वाद
कुंवर अजय तोमर इससे पहले आगरा के एमजी रोड पर सड़क के बीच बनी मजार को हटाने के लिए भी अदालत में वाद दाखिल कर चुके हैं। इस मामले में पूर्व में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हुई थी और मजार को सामने स्थित दरगाह में स्थानांतरित कर दिया गया था।
