लखनऊ, 22 नवंबर। युद्ध जैसी आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा और राहत-बचाव की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को लखनऊ पुलिस लाइन में नागरिक सुरक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 आयोजित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई इस व्यापक मॉक ड्रिल में हवाई हमले, बम धमाके, आगजनी, इमारत ढहने, मलबे में लोगों के दबने, जहरीली गैस और रेडिएशन फैलने जैसी आपात स्थितियों का जीवंत प्रदर्शन किया गया।
अभ्यास में नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों के साथ NDRF, SDRF, पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज, डायल-112 और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने समन्वित तरीके से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर अपनी तैयारियां परखी।
ब्लैकआउट और हवाई हमले का किया गया अभ्यास
मॉक ड्रिल की शुरुआत ब्लैकआउट और हवाई हमले के अलर्ट से हुई। अचानक हवाई हमले की चेतावनी जारी होने के बाद क्षेत्र में ब्लैकआउट किया गया। बम धमाकों के साथ आग लगने और इमारतों के क्षतिग्रस्त होने का दृश्य तैयार किया गया। नागरिकों ने हमले की स्थिति में जमीन पर पेट के बल लेटकर आंख और कान ढकने का अभ्यास किया। कुछ लोगों को सुरक्षित शेल्टर और भवनों के बेसमेंट में पहुंचाया गया।
अभ्यास के दौरान बताया गया कि रेड अलर्ट की स्थिति में घरों की सभी लाइटें बंद कर खिड़की-दरवाजों से दूर सुरक्षित स्थान पर रहना चाहिए। एयरफोर्स स्टेशन से हवाई हमला समाप्त होने का ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। नागरिक सुरक्षा के वार्डनों ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर भेजा, ताकि बचाव अभियान में किसी तरह की बाधा न आए।
अलग-अलग तरह की आग बुझाने के तरीके दिखाए
हवाई हमले के बाद कई स्थानों पर आग लगने का दृश्य तैयार किया गया। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने अलग-अलग प्रकार की आग बुझाने के तरीके बताए। सूखी लकड़ियों में लगी आग को वाटर टाइप अग्निशमन यंत्र से कूलिंग मेथड के जरिए बुझाया गया। पेट्रोल के छोटे टैंकर में लगी आग को भीगे कंबल से ढककर ऑक्सीजन की आपूर्ति रोकने वाले स्मूथरिंग मेथड से नियंत्रित किया गया।
रासायनिक पदार्थ में लगी आग पर फोम टाइप एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल दिखाया गया। वहीं, रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में भीगे कंबल और आसपास मौजूद ज्वलनशील वस्तुओं को हटाकर आग पर काबू पाने का तरीका प्रदर्शित किया गया।
लखनऊ के चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्रा ने फायर सूट पहनकर धुएं से भरे क्षेत्र में प्रवेश किया और फंसे घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीम ने फायर टेंडर और होज पाइप की मदद से बड़ी आग बुझाने का अभ्यास किया।
बिना उपकरण घायलों को निकालने की ट्रेनिंग
मॉक ड्रिल में बम धमाकों से घायल लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए उपलब्ध संसाधनों के इस्तेमाल का भी प्रदर्शन किया गया। स्वयंसेवकों ने ह्यूमन क्रैडल, पीठ पर उठाकर ले जाना, टू-हैंडेड सीट और मानवीय बैसाखी जैसे तरीकों से घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का अभ्यास किया।
सिर में गंभीर चोट लगे व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए दो बांस के डंडों और मोटे कपड़े की मदद से अस्थायी स्ट्रेचर बनाया गया। घायल के सिर पर पट्टी बांधकर रक्तस्राव रोकने और इसके बाद उसे स्ट्रेचर से मेडिकल कैंप तक पहुंचाने की प्रक्रिया दिखाई गई।
इमारत में फंसे लोगों को निकालने का अभ्यास
अभ्यास में बम विस्फोट से इमारत का हिस्सा ढहने और रास्ता मलबे से बंद होने का दृश्य भी तैयार किया गया। पहली और दूसरी मंजिल पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के तरीके दिखाए गए। जाल और मोटे कपड़े की सहायता से बच्चे को ऊंचाई से नीचे उतारने का प्रदर्शन किया गया।
चोटिल व्यक्ति को नीचे लाने के लिए चेयर नॉट तकनीक का इस्तेमाल किया गया। रस्सी से विशेष फंदे बनाकर घायल को बैठी स्थिति में सुरक्षित नीचे उतारने का अभ्यास किया गया।
इसके अलावा रेड अलर्ट के दौरान लॉक कार में फंसे व्यक्ति को निकालने की प्रक्रिया भी दिखाई गई। स्वयंसेवकों ने कार का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला और घायल को बाहर निकाला। व्यक्ति की सांस और नाड़ी नहीं चलने की स्थिति में सीपीआर देकर जीवनरक्षक सहायता देने का अभ्यास किया गया। एंबुलेंस पहुंचने तक सीपीआर जारी रखने की प्रक्रिया भी बताई गई।
NDRF-SDRF ने संभाला राहत-बचाव का मोर्चा
मॉक ड्रिल के अगले चरण में NDRF, SDRF, डायल-112, फायर सर्विसेज और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। टीम कमांडरों ने इंसिडेंट कमांडर से घटना की जानकारी लेने के बाद राहत-बचाव अभियान की रूपरेखा तैयार की।
सबसे पहले घटनास्थल को सुरक्षित किया गया। इसके बाद स्टेजिंग एरिया, कमांड पोस्ट, कम्युनिकेशन पोस्ट और मेडिकल पोस्ट स्थापित किए गए। NDRF ने आपदा के दौरान संचार व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कम्युनिकेशन पोस्ट में क्यूडीए और एचएफ स्टेशन स्थापित करने का प्रदर्शन किया।
फिजिकल, कैनाइन और टेक्निकल सर्च का प्रदर्शन
बहुमंजिला इमारत और मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए फिजिकल, कैनाइन और टेक्निकल सर्च का अभ्यास किया गया। जवानों ने आवाज लगाकर, मलबे पर हल्की चोट करके और पीड़ितों की प्रतिक्रिया सुनकर उनकी लोकेशन पता करने का तरीका दिखाया।
इसके बाद प्रशिक्षित श्वान दस्ते ने मलबे में दबे लोगों की मौजूदगी का पता लगाने का अभ्यास किया। टेक्निकल सर्च में विक्टिम लोकेशन कैमरा, थर्मल इमेजिंग कैमरा और एकॉस्टिक सिस्मिक सेंसर जैसे उपकरणों का इस्तेमाल दिखाया गया। पीड़ित की लोकेशन मिलने के बाद कटिंग उपकरणों से सुरक्षित रास्ता बनाकर उसे बाहर निकालने की प्रक्रिया प्रदर्शित की गई।
ट्रायज के जरिए घायलों को अलग-अलग जोन में बांटा
बड़ी दुर्घटना में एक साथ कई लोगों के घायल होने की स्थिति में प्राथमिकता के आधार पर उपचार देने के लिए ट्रायज प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। स्वास्थ्य विभाग और NDRF की मेडिकल टीम ने घायलों की स्थिति का आकलन कर उन्हें अलग-अलग रंगों के टैग दिए।
लाल टैग तत्काल उपचार की जरूरत वाले घायलों के लिए, पीला टैग गंभीर लेकिन कुछ समय तक इंतजार कर सकने वाले मरीजों के लिए और हरा टैग मामूली चोट वाले तथा चलने-फिरने में सक्षम लोगों के लिए रखा गया। काला टैग मृत या बचने की संभावना नहीं वाले मामलों के लिए निर्धारित किया गया। इसके बाद घायलों को उनकी स्थिति के अनुसार संबंधित मेडिकल जोन में भेजने का अभ्यास किया गया।
जहरीली गैस और रेडिएशन से निपटने का भी अभ्यास
मॉक ड्रिल में केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर यानी CBRN आपात स्थिति से निपटने का विशेष प्रदर्शन किया गया। रिहायशी क्षेत्र में जहरीली गैस और रेडिएशन फैलने का परिदृश्य तैयार किया गया।
NDRF की CBRN टीम ने गैस मास्क, ब्रीदिंग ऑपरेटर सेट, ग्लव्स और गमबूट सहित व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण पहनकर प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश किया। गैस डिटेक्टर, पर्सनल डोजीमीटर और केमिकल डिटेक्शन पेपर की मदद से गैस की पहचान और उसकी मात्रा जांचने की प्रक्रिया दिखाई गई।
प्रभावित क्षेत्र को हॉट, वार्म और कोल्ड जोन में बांटा गया। हॉट जोन को सबसे अधिक दूषित, वार्म जोन को डीकंटैमिनेशन यानी शुद्धिकरण वाला क्षेत्र और कोल्ड जोन को सुरक्षित क्षेत्र के रूप में प्रदर्शित किया गया। CBRN टीम ने प्रभावित लोगों को स्ट्रेचर से सुरक्षित बाहर निकालने और डीकंटैमिनेशन की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य युद्ध या किसी बड़ी आपदा जैसी स्थिति में विभिन्न सुरक्षा और राहत एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और नागरिकों को सुरक्षित निकालने की क्षमता को परखना रहा।
