अयोध्या। अयोध्या और मिथिला की सदियों पुरानी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पारिवारिक विरासत अब आधुनिक रेल संपर्क से और मजबूत होगी। अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच शुरू की गई सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को नई ऊंचाई देने जा रही है। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं, व्यापारियों और आम नागरिकों का आवागमन आसान होगा।
अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ के विजन का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा केवल दो धार्मिक नगरों को जोड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि दोनों देशों की साझा विरासत, जनआस्था और आर्थिक संभावनाओं को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है।
रामलला और माता जानकी के दर्शन होंगे आसान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मां सरयू की पावन धारा से सिंचित अयोध्या और मां कमला के जल से अभिसिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर का जुड़ाव दोनों देशों के हजारों वर्ष पुराने संबंधों को नया विस्तार देगा। इस रेल सेवा से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे। वहीं, भारत के श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन करना आसान होगा।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल राजनीतिक या भौगोलिक नहीं है, बल्कि यह हजारों वर्षों की साझा आस्था, संस्कृति और पारिवारिक संबंधों पर आधारित है। राम-जानकी की परंपरा में दोनों देशों के रिश्ते को ‘रोटी-बेटी का संबंध’ कहा जाता है।
राम-जानकी परंपरा में रचा-बसा है भारत-नेपाल का रिश्ता
सीएम योगी ने भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का मिथिला जाना तथा विवाह के बाद महाराजा दशरथ की बारात का अयोध्या से जनकपुर पहुंचना आज भी दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक स्मृतियों में जीवंत है।
उन्होंने कहा कि विवाह पंचमी पर जनकपुर के राम-जानकी विवाह मंडप में उत्सव मनाया जाता है तो अयोध्या में भी मंगल गीत गूंजते हैं। अयोध्या के लोग जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं, जबकि मिथिला क्षेत्र में भगवान श्रीराम को पाहुन मानकर विशेष सम्मान दिया जाता है।
मुख्यमंत्री ने राम जन्मभूमि आंदोलन के करीब 500 वर्षों के संघर्ष में नेपाल के संतों, युवाओं, माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय जनकपुर धाम से सैकड़ों श्रद्धालु मंगल उपहार लेकर अयोध्या पहुंचे थे।
धार्मिक और आध्यात्मिक संबंधों को मिलेगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के धार्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर और काशी के बाबा विश्वनाथ धाम के बीच सदियों पुराना आध्यात्मिक जुड़ाव है। उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु पीढ़ियों से मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ की यात्रा करते आ रहे हैं।
उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में मकर संक्रांति पर नेपाल से भेजी गई खिचड़ी चढ़ाने और चैत्र नवरात्र में नेपाल से श्रद्धालुओं के देवीपाटन शक्तिपीठ पहुंचने की परंपरा का भी जिक्र किया।
सीएम ने भगवान बुद्ध की साझा विरासत को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका जन्म नेपाल के लुंबिनी में हुआ, जबकि उनके जीवन और साधना से जुड़े कई महत्वपूर्ण स्थल उत्तर प्रदेश में हैं। कपिलवस्तु-पिपरहवा, श्रावस्ती, सारनाथ और कुशीनगर इस साझा विरासत के प्रमुख केंद्र हैं।
नेपाल सीमा पर कनेक्टिविटी और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल की खुली सीमा आपसी विश्वास का अनूठा उदाहरण है। दोनों देशों के लोग व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों के लिए लगातार आवागमन करते हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के सात जिले पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज नेपाल के साथ करीब 600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं।
सीमा क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए रुपईडीहा में प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार किया गया है। वहीं, लखनऊ-रुपईडीहा कॉरिडोर के तहत बाराबंकी-बहराइच फोरलेन हाईवे बनाया जा रहा है। इससे रुपईडीहा से नेपालगंज तक यात्रा का समय लगभग आधा होने की उम्मीद है।
इसके अलावा सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर पब्लिक टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल और वेयरहाउस जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने 1,450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग का भी उल्लेख किया।
10 स्टेशनों पर होगा ठहराव, रोजगार के खुलेंगे अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरयू-कमला एक्सप्रेस का उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 महत्वपूर्ण मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव होगा। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल व्यवसाय, स्थानीय शिल्प और परिवहन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से हजारों नए रोजगार अवसर तैयार होने की संभावनाएं हैं। विशेष रूप से जनकपुर की मिथिला पेंटिंग से जुड़ी महिलाओं को इसका लाभ मिल सकता है। बेहतर रेल संपर्क से महिला कारीगरों के उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
रामायण और बौद्ध सर्किट को भी मिलेगी नई गति
सीएम योगी ने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट को नई गति देगी। यह ट्रेन माता जानकी के प्राकट्य स्थल सीतामढ़ी से होकर गुजरेगी। यहां पुनौरा धाम में माता सीता को समर्पित भव्य मां जानकी मंदिर और आध्यात्मिक नगरी का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, डबल रेल लाइन और वंदे भारत व अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के संचालन से धार्मिक पर्यटन को विस्तार मिला है। सरयू-कमला एक्सप्रेस इस संपर्क को नेपाल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री भी जुड़े
सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जुड़े। वहीं, अयोध्या में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान और अभय सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद लल्लू सिंह, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पांडे और मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे।
