रिपोर्ट : न्यूज डेस्क, सीतापुर
सीतापुर। सिधौली के निजी अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मिश्रिख रोड स्थित साइ हॉस्पिटल में ऑपरेशन से बच्ची को जन्म देने के बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में तेज दर्द उठा और कुछ ही घंटों में उसकी हालत बिगड़ गई। देर रात उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सीएमओ की टीम अस्पताल पहुंचकर जांच में जुट गई है।
सूत्रों मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान नीलगांव निवासी रोशन जहां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह उनका चौथा प्रसव था। प्रसव पीड़ा के बाद उन्हें सिधौली के साइ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां ऑपरेशन के जरिए बच्ची का जन्म हुआ।
ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, रात में तोड़ा दम
परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन के बाद रोशन जहां को पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी थी। शुरुआत में उनकी स्थिति कैसी थी और दर्द की शिकायत पर अस्पताल में क्या उपचार किया गया, इसे लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। देखते ही देखते महिला की हालत बिगड़ गई और रात में उसकी मौत हो गई।
अस्पताल प्रबंधन की भूमिका जांच के घेरे में
महिला की मौत के बाद अस्पताल में इलाज के तरीके और ऑपरेशन के बाद की गई निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, जांच में अस्पताल के चिकित्सकीय दस्तावेज, ऑपरेशन से संबंधित रिकॉर्ड और मरीज को दिए गए उपचार की जानकारी अहम हो सकती है।
मुआवजे को लेकर भी चल रही चर्चा
सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से परिजनों को मुआवजा देकर मामला आपसी सहमति से निपटाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इस कथित पेशकश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि परिजनों ने ऐसी किसी पेशकश को स्वीकार किया है या नहीं।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की जांच के बीच कई सवाल खड़े हैं। आखिर ऑपरेशन के बाद महिला की हालत क्यों बिगड़ी? पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद क्या तत्काल जरूरी उपचार दिया गया? क्या अस्पताल में प्रसव के बाद की चिकित्सकीय निगरानी के निर्धारित मानकों का पालन हुआ? इन सभी सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट से ही सामने आएंगे।
